खबर

ग्वालियर : SSB जवान ने पत्नी का गला घोंटा, रातभर शव के पास सोया; अंतिम संस्कार से पहले बेटी ने खोला राज | gwalior ssb jawan arrested wife murder case daughter exposes truth father killed mother and sleeps next to body Domestic Dispute crime


ग्वालियर:

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि करवा चौथ मनाने के लिए जम्मू-कश्मीर से छुट्टी पर आए जवान ने चरित्र शंका को लेकर पत्नी का गला घोंट दिया. वारदात के समय दोनों बच्चे घर में मौजूद थे. घटना के बाद आरोपी ने हार्ट अटैक से मौत का दावा कर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी, लेकिन उसकी 12 साल की बेटी ने पूरी सच्चाई सामने ला दी.

करवा चौथ पर घर आया था SSB जवान

NDTV को पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ज्ञान सिंह मूल रूप से भिंड जिले का रहने वाला है और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में SSB में तैनात है. उसकी पत्नी रिंकी और बच्चे ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित खुरैरी इलाके में किराए के मकान में रहते थे. ज्ञान सिंह 27 अक्टूबर को करवा चौथ के अवसर पर छुट्टी लेकर घर आया था. कुछ दिनों से उसका पिता भी परिवार के साथ रह रहा था.

मृतक रिंकी के पिता केशव सिंह

मृतक रिंकी के पिता केशव सिंह
Photo Credit: NDTV

मोबाइल पर बात करते देख हुआ विवाद

NDTV से बात करते हुए परिजन केशव सिंह ने बताया कि रविवार को ज्ञान सिंह अपने पिता को भिंड छोड़कर वापस ग्वालियर लौटा. घर पहुंचने पर उसने पत्नी रिंकी को मोबाइल पर किसी से बात करते हुए देखा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ज्ञान सिंह ने पत्नी को जमीन पर पटक दिया और उसकी छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया. घटना के समय घर में उनका नाबालिग बेटा और 12 वर्षीय बेटी भी मौजूद थे.

रिंकी सिंह

रिंकी सिंह
Photo Credit: NDTV

रातभर शव के पास सोता रहा आरोपी

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को घर के बेडरूम में रखा और रातभर उसी कमरे में रहा. अगले दिन सुबह वह शव को अपनी कार में रखकर भिंड जिले के छौंदा गांव ले गया. वहां उसने रिंकी के मायके पक्ष को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी की मौत हार्ट अटैक से हुई है.

रिंकी की बेटी

रिंकी की बेटी
Photo Credit: NDTV

बेटी ने खोली पिता की सच्चाई

जब रिंकी के मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उन्हें शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए. उन्होंने जब सवाल पूछे तो आरोप है कि ज्ञान सिंह ने अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया. इसी दौरान आरोपी की 12 वर्षीय बेटी ने चुपके से अपने मामा को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और बताया कि उसकी मां की हत्या की गई है. इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.

परिजनों के हंगामे के बाद खुला मामला

भिंड में दिनभर हंगामा होने के बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर रिंकी के परिजन सोमवार देर रात शव को ग्वालियर लेकर पहुंचे. इसके बाद मामले की जानकारी मुरार थाना पुलिस को दी गई. मंगलवार को रिंकी के शव का पोस्टमार्टम और फोरेंसिक परीक्षण कराया गया.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मुरार थाना पुलिस ने आरोपी ज्ञान सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में नाबालिग बेटे से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के समय की परिस्थितियों की पूरी जानकारी मिल सके. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और बच्चों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें : शराब पीने से रोकने पर पत्नी का मर्डर! जांच के घेरे में पति सहित 5 आरोपी, 4 साल पहले हुई थी शादी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button