
बहराइच:
जिले के फखरपुर कस्बे में आयोजित दादा मियां उर्स मेले में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जलपरी शो के दौरान एक विशाल ग्लास टैंक का शीशा अचानक फट गया. टैंक में भरे हजारों लीटर पानी और कांच के टुकड़े दर्शकों पर गिर पड़े, जिससे चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और मेले की अनुमति प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं. NDTV के लिए बहराइच से दिवाकर पाण्डेय की रिपोर्ट.
शो के दौरान अचानक टूटा ग्लास टैंक
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये हादसा फखरपुर थाना क्षेत्र के खालिदपुर गांव में दादा मियां उर्स मेले के दौरान हुआ. मेले में जलपरी शो का आयोजन किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शो के दौरान पानी से भरे विशाल ग्लास टैंक का शीशा अचानक तेज आवाज के साथ टूट गया. शीशा टूटते ही टैंक का पानी बाहर आ गया और कांच के टुकड़े सामने खड़े दर्शकों पर गिरने लगे. उस समय शो देखने के लिए करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे.

घटना स्थल पर मौजूद भीड़
Photo Credit: NDTV
चार मासूम समेत 15 लोग घायल
हादसे में चार बच्चे सीधे कांच की चपेट में आ गए. उनके सिर और चेहरे पर चोटें आईं. घायलों की पहचान अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) के रूप में हुई है. सभी खालिदपुर गांव के निवासी हैं. इसके अलावा जलपरी का किरदार निभा रही युवती भी घायल हो गई. कुल 15 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है. घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फखरपुर पहुंचाया गया. इनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
20 हजार लीटर पानी से भरा था टैंक
बताया जा रहा है कि शो के लिए तैयार किए गए ग्लास टैंक में करीब 20 हजार लीटर पानी भरा गया था. दर्शक बाहर से लगे कांच के जरिए टैंक के अंदर मौजूद जलपरी के करतब देखते थे. टैंक टूटने के बाद भारी मात्रा में पानी बाहर निकल आया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई.

हॉस्पिटल में घायल बच्चा
Photo Credit: NDTV
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना
घायल बच्चों के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शी सलीम खान ने बताया कि वे परिवार के साथ उर्स मेले में पहुंचे थे. जलपरी शो देखने के लिए 50 रुपये का टिकट लिया गया था. उनके मुताबिक अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और टैंक का शीशा टूट गया. इसके बाद कांच के टुकड़े और पानी बाहर आ गया. लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद शो के आयोजक और केयरटेकर मौके से भाग गए.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद मेले में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच के इस तरह के जोखिम भरे शो संचालित किए जा रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी.
आयोजक के खिलाफ FIR दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज कराया गया है. उन्होंने कहा कि घटना के बाद आयोजक और केयरटेकर मौके से फरार हो गए. मामले में आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर के मेले में ‘मौत के कुएं’ में स्टंट के दौरान बाइक में लगी आग, युवती झुलसी





