खबर

ग्रेटर नोएडा में छपरौला में चला बुलडोजर: 24 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, मकान-दुकानें ध्वस्त | Greater Noida Authority Launches Major Drive To Evict Illegal Encroachments Recovering Government Land Worth Crores



ग्रेटर नोएडा में अवैध कब्जों के खिलाफ प्राधिकरण ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया. छपरौला के सहारा समतल इलाके में बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बने कई मकान, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानें और कब्जे की नीयत से बनाई गई बाउंड्री वॉल ढहा दी गईं. प्राधिकरण के मुताबिक, इस कार्रवाई में करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जामुक्त कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 24 करोड़ रुपये है.

सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुआ अभियान

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर सोमवार सुबह 6:30 बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया. प्राधिकरण की टीम जेसीबी और डंपरों के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. यह अभियान करीब तीन घंटे तक चला और सुबह 9:30 बजे तक जारी रहा.

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी कर ली गई. प्राधिकरण के अधिकारियों ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करते हुए जमीन को अपने कब्जे में ले लिया.

बिना अनुमति निर्माण को बताया अवैध

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि सहारा समतल क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में आता है. ऐसे इलाकों में प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण गैरकानूनी माना जाता है. उन्होंने कहा कि आम लोगों को जमीन खरीदने से पहले उसकी पूरी जानकारी प्राधिकरण से हासिल करनी चाहिए ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि अवैध कॉलोनियों या विवादित जमीनों में अपनी मेहनत की कमाई लगाने से बचें, क्योंकि ऐसे निर्माणों पर कभी भी कार्रवाई हो सकती है.

शाहबेरी में जर्जर मकान को किया सील

सहारा समतल में कार्रवाई पूरी होने के बाद प्राधिकरण की टीम शाहबेरी भी पहुंची. यहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसी इमारतों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी.

प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि अधिसूचित क्षेत्रों में अवैध निर्माण, अतिक्रमण और सरकारी जमीनों पर कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर किए गए निर्माणों पर किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी और सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई लगातार चलती रहेगी.

यह भी पढ़ें: ‘डील होने ही वाली है’, कांग्रेस ने सौंप दी लिस्ट, सपा नेता बोले- अखिलेश यादव से बात करके बताएंगे





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button