
क्या हम अपने वोट से किसी एक पार्टी का सांसद चुनते हुए उसकी ठीक विपक्षी धड़े की पार्टी की सरकार चुन सकते हैं? भारत में ऐसा संभव नहीं है, क्योंकि भारत में फर्स्ट पास्ट द पोस्ट (FPTP) वाली चुनावी प्रणाली है. वैश्विक लोकतंत्रात्मक संरचना में ब्रिटिश औपनिवेशिक परंपरा के प्रतीक एवं विरासत के तौर पर प्रचलित फर्स्ट पास्ट द पोस्ट (FPTP) प्रणाली में मतदाता एक ही वोट से पहले अपना सांसद चुनता है और फिर उन चुने हुए सांसदों के बहुमत से सरकार का चुनाव होता है.
दिखने में ये प्रणाली भले ही सरल लगे लेकिन इसमें विकल्पों की बहुलता और विकल्प चुनने की आजादी और सुगमता का अभाव है. अक्सर ये देखा गया है कि यह प्रणाली एक औसत दर्जे का मीडिओकर तंत्र बनकर सीमित हो जाती है.
टूथपेस्ट और ब्रूथ से उदाहरण से समझें
यदि हमें अमुक ब्रांड ‘A’ का टूथपेस्ट पसंद है, लेकिन ब्रांड ‘B’ का टूथब्रश पसंद है तो हम दोनों अलग-अलग खरीद के एक साथ इस्तेमाल कर सकते हैं और एक दैनिक जरूरत की चीज में व्यक्तिगत स्वतंत्रता एवं चुनने के अधिकार का बखूबी उपयोग करते हुए खुशी सूचकांक (हैप्पीनेस कोशिएंट) को बेहतर (ऑप्टिमाइज़) कर सकते हैं.
लेकिन क्या जनप्रतिनिधि एवं सरकार चुनते समय ऐसी ही आजादी और विकल्प हमारे पास है? जिस तरह से एफएमसीजी कंपनियाँ हमें बलपूर्वक मजबूर या नियंत्रण नहीं करतीं कि हमें टूथपेस्ट व टूथब्रश दोनों एक ही ब्रांड के उपयोग करने चाहिए, क्रॉस कॉम्बिनेशन नहीं; क्या ऐसी कोई चुनावी पद्धति है जो हमें जनप्रतिनिधि-सरकार का कॉम्बिनेशन एक ही पार्टी से चुनने को विवश ना करती हो.
न्यूजीलैंड का मिक्स्ड मेंबर आनुपातिक प्रणाली क्या हैं
जी हां, न्यूजीलैंड का मिक्स्ड मेंबर आनुपातिक प्रणाली (MMP) ऐसा ही है, जहां इसी महीने संसदीय चुनाव संपन्न हुए है. एमएमपी प्रणाली में प्रत्येक मतदाता/वोटर दो वोट डालता है, जिसमें पहला “पार्टी वोट” है जिससे न्यूजीलैंड की 120-सदस्यीय संसद का ओवरऑल कम्पोज़िशन निर्धारित होता है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी.
दूसरा वोट “इलेक्टोरेट वोट” (संसदीय क्षेत्र का वोट) कहलाता है जिससे किसी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का लोकल सांसद चुना जाता है ‘फर्स्ट पास्ट द पोस्ट’ प्रणाली की तरह. पूरे न्यूजीलैंड में 71 निर्वाचन क्षेत्र की सीटें (इलेक्टोरेट सीट) हैं, बाकी 49 सीटें ‘लिस्ट सीट’ कहलाती हैं.
चुनाव से पहले प्रत्येक दल, निर्वाचन आयोग को लिस्ट एमपी (लिस्ट सांसद) की वरीयता अनुक्रम में एक लिस्ट सौंपता है. ‘पार्टी वोट’ के आधार इस लिस्ट से चुने गए सांसद, ‘लिस्ट सांसद’ कहलाते हैं. “इलेक्टोरेट वोट” से किसी भी पार्टी की कुल सीटों की संख्या में कोई परिवर्तन नहीं होता है. मतदाता दोनों वोट अलग-अलग दलों को भी दे सकता है, जिसे ‘स्प्लिट वोटिंग’ कहा जाता है.
एमएमपी प्रणाली यह अवसर प्रदान करती है कि लोकल सांसद के रूप में किसी दूसरे दल का प्रत्याशी चुनें, यदि हमें हमारी पसंदीदा पार्टी का लोकल प्रत्याशी पसंद नहीं हो. लेकिन पार्टी वोट हम फिर भी हमारी पसंदीदा पार्टी को दे सकते हैं और इस “स्प्लिट वोटिंग” से हमारी पसंदीदा पार्टी की संसद में कुल संख्या (टैली) पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा.
ऐसा करने से ना केवल लोकतांत्रिक सुदृढ़ीकरण होता है बल्कि “राइट टू चूज़”, व्यक्तिगत वरीयता एवं विकल्पों की विविधता व चुनने की आजादी मिलती है. इससे स्थानीय स्तर पर सांसदों की जवाबदेही बढ़ती है तथा तंत्र में पारदर्शिता आती है. “पार्टी लहर” या राष्ट्रीय नेता की लोकप्रियता के आधार पर स्थानीय नेता बिना निष्पादन (परफॉर्मेंस), दक्षता (एफिशिएंसी), कर्मठता, मेरिट के नहीं चुने जा सकते.

वहीं दलों को भी प्रत्याशियों के “विनेबिलिटी फैक्टर” पर ध्यान देने की जरूरत नहीं पड़ती, वे केवल नीतियों व विचारधारा के आधार पर वोट पा सकेंगे. फलतः वो बेहतर नीतियाँ व उनका समुचित क्रियान्वयन पर ध्यान देंगे. वहीं किसी भी वोटर का वोट खराब (वेस्टेज) नहीं होता.
यह प्रणाली वोटर को सर्वोत्तम सांसद-पार्टी का कॉम्बिनेशन (उसके बिलीफ-सिस्टम या पसंद के आधार पर) चुनने का अवसर प्रदान करती है जिससे लोकतंत्र का ऑप्टिमम यूटिलाइज़ेशन होता है. तंत्र में विविधता एवं लचीलापन आता है, लोकल लेवल पर एंट्री बैरियर्स उच्च हो जाते हैं, ना कि पार्टी की टिकट पाने की दौड़ तक यह कवायद सीमित होती है.
पार्टी एवं प्रत्याशियों दोनों की मेरिट का मूल्यांकन एक ही तराजू से ना होकर, कठिन प्रतिस्पर्धात्मक मापदंडों से होता है, जिसमें पार्टी की नीति, विचारधारा, क्रियान्वयन तथा प्रत्याशी का चरित्र, व्यक्तिगत सद्गुण, दक्षता, लोकल उत्तरदायित्व दोनों स्वतंत्र एवं मिथुअली एक्सक्लूसिव तरीके से आंकें जाते है.
न्यूजीलैंड जैसे उच्च मानवीय विकास सूचकांक (एचडीआई) वाले समृद्ध देश में स्प्लिट वोटिंग में निरंतर इजाफा हो रहा है — 2017 में 27.33%, 2020 में 31.86%, 2023 में 35.51%. वोटर्स ने स्प्लिट वोटिंग अर्थात् दोनों मत अलग-अलग दलों को दिए जो उनके मताधिकार को काफी नाप तौल के संजीदगीपूर्ण विविधतापूर्ण इस्तेमाल करने की शैली को प्रदर्शित करता है.

वहाँ संसद का कार्यकाल 3 वर्ष होता है. जिस सीट पर चुने गए लोकल सांसद की पार्टी और पार्टी वोट सबसे ज्यादा पाने वाली पार्टी अलग-अलग हो, उसे ‘स्विच सीट’ कहा जाता है. 2020 में 8 और 2023 में 13 स्विच सीट थीं. जिसमें ऑकलैंड सेंट्रल सीट पर तो लेबर पार्टी व एसीटी पार्टी को उनके उम्मीदवारों के “इलेक्टोरेट वोट” से तीन गुणा से भी ज्यादा पार्टी वोट मिला. जो कहीं न कहीं व्यक्तिगत असंतोष एवं विचारधारा की लोकप्रियता दोनों को एक-साथ प्रदर्शित करता है.
जो एक मजबूत, सुदृढ़ लोकतंत्र में अत्यंत जरूरी है कि वोटर्स को वोट देते समय ना तो विचारधारा से लगाव के कारण किसी निकृष्ट उम्मीदवार को वोट देना पड़े और ना ही किसी उम्मीदवार से लगाव के कारण अपनी विचारधारा की बलि देना पड़े.
इससे लोकप्रिय प्रतिनिधि पार्टी टिकट की मजबूरी से मुक्त होते हैं एवं राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय दलों को किसी क्षेत्र-विशेष में मजबूत जीतने योग्य (विनेबल) उम्मीदवारों को खोजना नहीं पड़ता. लोकप्रिय प्रतिनिधि बगैर पार्टी के भी चुने जाते हैं और लोकप्रिय दल बिना स्थानीय स्तर पर स्वीकार्य नेताओं के भी संसद में उतनी ही सीटें हासिल करते हैं.
पार्टी लहर का लाभ पार्टी के उम्मीदवारों को नहीं मिलता है और उम्मीदवारों की व्यक्तिगत लोकप्रियता व व्यक्तिगत समर्पित वोट बैंक का फायदा दलों को नहीं मिल पाता है तथा जनता की लोकतांत्रिक पसंद, आज़ादी, विविधिता के साथ न्याय होता है, उसे सम्मान मिलता है.
(डिस्क्लेमर: लेखक दिल्ली पुलिस में अतिरिक्त उपायुक्त है. इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)





