खबर

गुरुग्राम में रफ्तार का खौफनाक मंजर: फुटपाथ पर सो रहे दो बुजुर्गों को कुचलती हुई क्रेन से टकराई फॉर्च्यूनर | Gurugram Fortuner collided with a crane crushing two elderly people sleeping on the footpath


शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार किस तरह किसी की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है, इसकी एक दर्दनाक तस्वीर रविवार सुबह गुरुग्राम के सोहना रोड पर देखने को मिली. बादशाहपुर थाना क्षेत्र में आइरिया मॉल के पास एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अचानक अनियंत्रित हो गई. सड़क से उतरकर फुटपाथ पर चढ़ी कार ने वहां सो रहे दो बुजुर्गों को अपनी चपेट में ले लिया. दोनों को कुचलने के बाद भी गाड़ी नहीं रुकी और आगे फुटपाथ पर खड़ी एक क्रेन से जा टकराई. हादसे में दोनों बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर के एयरबैग खुल गए. हादसा रविवार सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब सड़क पर आवाजाही कम थी. जानकारी के मुताबिक, फॉर्च्यूनर बादशाहपुर से सोहना की तरफ जा रही थी. इसी दौरान चालक कार पर कंट्रोल खो बैठा और कार सीधे फुटपाथ पर चढ़ गई. फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग दंपति को संभलने तक का मौका नहीं मिला. दंपति को कुचलने के बाद कार सामने खड़ी क्रेन से टकराई और रुक गई.

हादसे के बाद मौके से गायब हुए सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय फॉर्च्यूनर में एक युवक और एक युवती मौजूद थे. टक्कर के बाद दोनों गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी और उसमें सवार युवक-युवती शराब के नशे में थे हालांकि उनके नशे में होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हादसे के बाद दोनों का मौके से चले जाना भी पुलिस की जांच का अहम हिस्सा है.

Latest and Breaking News on NDTV

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए बुजुर्ग

घटना की सूचना मिलने पर बादशाहपुर थाना से एएसआई अनिल कुमार मौके पर पहुंची. घायल बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और उनके पति की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर और क्रेन को देखकर दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता था.पुलिस ने फॉर्च्यूनर को कब्जे में ले लिया है और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान करने में जुटी है.

ये वीडियो भी देखें-

सीसीटीवी से फरार सवारों तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त गाड़ी कौन चला रहा था और दुर्घटना के बाद युवक-युवती कहां गए. इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. गाड़ी के मालिक की पहचान के साथ-साथ उसके सवारों का पता लगाना भी जांच का अहम हिस्सा है. जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि गाड़ी नम्बर के आधार पर फॉर्च्यूनर के मालिक को थाने में तलब किया गया है उसके बाद गाड़ी सवार लोगों की जानकारी ले आगे की कार्यवाही की जाएगी. फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. सड़क किनारे फुटपाथ पर सो रहे दो बुजुर्ग इस बात से अनजान थे कि कुछ ही पलों में एक बेकाबू गाड़ी उनकी जिंदगी को संकट में डाल देगी. अब सबकी नजर पुलिस की जांच पर है, जिससे हादसे की पूरी परिस्थितियां सामने आ सकें और फरार सवारों की पहचान हो सके.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button