

लखनऊ:
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से CM योगी को दी गई चुनौती पर UP के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बयान जारी किया है. अखिलेश ने योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज दिया था. ओपी राजभर ने कहा, “अगर अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ने को तैयार हों, तो योगी जी भी वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं. अगर अखिलेश यादव में थोड़ी भी राजनीतिक समझ है, तो उन्हें यह चुनौती स्वीकार करनी चाहिए.” राजभर ने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ जी ने उनकी चुनौती स्वीकार कर ली है, इसलिए अखिलेश यादव को आगे आकर उनके खिलाफ अपना नामांकन दाखिल करना चाहिए.
CM योगी को अखिलेश यादव की क्या चुनौती?
अखिलेश यादव ने गुरुवार को सीएम योगी को चुनौती देते हुए कहा कि वे 2027 का उत्तर प्रदेश चुनाव अयोध्या से लड़ें, जो पिछले कुछ सालों से बीजेपी की मंदिर राजनीति का केंद्र रहा है. एसपी चीफ ने कहा, “जब से हमने अपने उम्मीदवार का ऐलान किया है, बीजेपी लगातार सर्वे करवा रही है और हर सर्वे में पीछे रह रही है. अब सुनने में आ रहा है कि उन्हें अयोध्या के लिए कोई नया उम्मीदवार नहीं मिल पा रहा है. बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतने ही आश्वस्त हैं, तो उन्हें खुद अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए और इसे साबित करना चाहिए.”
यह भी पढ़ें | अखिलेश के चैलेंज पर योगी का पलटवार, बोले- अयोध्या आइए, मैं भी वहीं से किस्मत आजमाऊंगा
सीएम योगी का जवाब…
बलरामपुर जिले में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 78 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अखिलेश जी, मेरे पास आपके लिए एक प्रस्ताव है. आप भी श्री अयोध्या धाम से अपना नामांकन दाखिल करें और मैं भी ऐसा ही करूंगा.”
योगी ने आगे कहा, “समाजवादी पार्टी घबरा गई है. उन्हें (अखिलेश) न तो राज्य में हो रहा विकास दिखाई देता है और न ही उसे पहचानने की उनमें क्षमता है. वे मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हैं. मैं आपको अयोध्या से अपना नामांकन दाखिल करने का प्रस्ताव देता हूं और मैं भी वहीं से चुनाव लड़ूंगा. आइए, एक बार अपनी किस्मत आजमाते हैं. अपने समर्थकों के जरिए क्यों लड़ना? मुकाबला आमने-सामने का होना चाहिए.”
यह भी पढ़ें | योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से चुनाव लड़ने वाले चैलेंज का अखिलेश यादव ने दिया जवाब





