खबर

गुजरात: पूर्व प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या! 26 महीने बाद खुलासा, 12 फीट खुदाई के बाद मिला कंकाल | gujarat crime jamnagar husband murder 8 years marriage boyfriend skeleton exhumed



जामनगर:

गुजरात के जामनगर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया. पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी से संपर्क किया और फिर उसके साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची. आरोप है कि हत्या के बाद शव को 12 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया और करीब 26 महीने तक पूरा राज जमीन के नीचे दबा रहा. पुलिस जांच के मुताबिक, पृथ्वीबहन उर्फ भूमिबहन पहले निलेश नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध में थी. बाद में उसका रिश्ता टूट गया और उसने जिग्नेश मावदिया से प्रेम विवाह कर लिया. करीब 8 साल पहले दोनों ने शादी की और परिवार से अलग रहने लगे. दोनों को दो बेटियां हुईं. बड़ी बेटी करीब 6 साल और छोटी करीब डेढ़ साल की बताई जा रही है. शादी के 6 साल बाद महिला पर पति की हत्या का आरोप लगा है.

पुलिस के मुताबिक, शादी के करीब छह साल बाद महिला ने अपने पूर्व प्रेमी से फिर संपर्क शुरू किया. इसके बाद कथित तौर पर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई. पुलिस का कहना है कि इस साजिश में पूर्व प्रेमी के साथ उसका एक दोस्त भी शामिल था.

तीन दिन पहले खोदी गई थी 12 फीट गहरी की कब्र

जांच में सामने आया है कि हत्या से तीन दिन पहले ही एक फैक्ट्री का प्लॉट किराये पर लिया गया. वहां यह कहकर करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया कि भारी मशीनरी लगानी है. पुलिस के मुताबिक, उसी गड्ढे को बाद में शव दफनाने के लिए इस्तेमाल किया गया.

पुलिस ने बताया कि 31 मई 2024 की रात जिग्नेश को फैक्ट्री परिसर में बुलाया गया. आरोप है कि वहां उसे जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया गया और पूरी घटना को छिपा दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद परिवार को लगातार यह बताया जाता रहा कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में काम कर रहा है और किसी से संपर्क नहीं रखना चाहता. करीब दो साल तक परिवार इसी बात पर यकीन करता रहा.

कैसे खुला महीनों पुराना राज?

जब परिवार के एक सदस्य ने ऑस्ट्रेलिया जाकर जिग्नेश से मिलने की इच्छा जताई, तब शक गहरा गया. इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले और पूछताछ में कथित तौर पर पूरा मामला सामने आया.

ये भी पढ़ें: सूरत के पॉश वेसु इलाके में फिर अटकी लिफ्ट, 11वीं मंजिल पर एक घंटे तक फंसे रहे बुजुर्ग दंपती, फायर टीम ने बचाई जान

12 फीट नीचे मिला कंकाल

पुलिस ने जामनगर के डेरेड क्षेत्र स्थित शिवम पार्क इलाके में खुदाई करवाई. करीब 10 से 12 घंटे की मशक्कत के बाद 12 फीट गहराई से मानव कंकाल के अवशेष बरामद किए गए, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके लिए कोर्ट ने 4 दिन की रिमांड मंजूर की है.

पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी पृथ्वीबहन उर्फ भूमिबहन, उसके पूर्व प्रेमी निलेश मनसुखभाई कछटिया और उसके दोस्त बलवीर देवराम वर्मा को गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी, जबकि अदालत ने 4 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है. फिलहाल. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश और सबूत मिटाने सहित कई धाराओं में कार्रवाई की जा रही है.

(Input- Divyesh Vayeda)

ये भी पढ़ें: CBI और दिल्ली पुलिस का अधिकारी बन 90 साल की महिला से 1.34 करोड़ की ठगी, सूरत क्राइम ब्रांच ने ऐसे दबोचा





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button