

गाजियाबाद:
गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नरेट और क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बड़े एनकाउंटर में एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी को मार गिराया है. निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंग नहर पटरी पर पुलिस और बावरिया गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई. लगभग 20 राउंड फायरिंग हुई हे इस दौरान धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी मारा गया, जबकि क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी विनीत, अमित और हिमांशु भी गोली लगने से घायल हो गए. घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
अमरोहा का रहने वाला था धर्मेंद्र, डकैती सहित कई मामलों का आरोपी
धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी अमरोहा का रहने वाला था और डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक वारदातों में वांछित था. गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में डकैती के दौरान हमला करने के मामले में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. वहीं, बागपत के खेकड़ा में डकैती के मामले में भी वह 50 हजार रुपये का इनामी था. इसके अलावा वह हत्या के प्रयास यानी धारा 307 के मामले में भी वांछित बताया जा रहा है.
पुलिस को पिछले करीब एक साल से उसकी तलाश थी. कुख्यात बावरिया गैंग से जुड़े धर्मेंद्र पर डकैती की कई वारदातों में शामिल होने का आरोप था. मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है.
घायल पुलिसकर्मियों का चल रहा इलाज
गौर करने वाली बात यह है कि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड़ के कार्यकाल में यह आठवां बदमाश बताया जा रहा है, जो पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है. पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
अंधेरे का फायदा उठा दो बदमाश भागे
इस मामले में गाजियाबाद डीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी चौधरी ने बताया कि पुलिस काफी दिनों से इसकी तलाश में थी. सूचना मिलती है एक बाइक पर तीन बदमाश सवार पुलिस ने रुकने का इशारा किया. इनकी बाइक पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद इन्होंने फायरिंग कर तकरीबन 20 राउंड फायर किए. पुलिस के वाहनों पर और पुलिस के ऊपर गोलियां चलाई. वही अंधेरे का फायदा उठा कर दो बदमाश फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें – कंधे पर घायल बदमाश… गाजियाबाद में महिला पुलिस टीम ने बदमाश को कैसे दबोचा, जानें पूरी कहानी




