
रक्षाबंधन का पर्व इंदौर में सामाजिक सरोकार की मिसाल बनकर सामने आया. ‘आओ बनाएं रक्षाबंधन अपनों के संग’ अभियान के तहत परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्ध सेवा आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया. नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुजुर्गों, दिव्यांग बच्चों और आश्रम की महिलाओं के साथ रक्षाबंधन मनाया. इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ अंताक्षरी खेली, फिल्मी गीत और भजन गाए, दिव्यांग बच्चों के साथ नृत्य किया और सभी से राखी बंधवाकर उनका आशीर्वाद लिया.
कार्यक्रम के बाद मंत्री ने चीनी की बढ़ती कीमतों, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, कांग्रेस के सड़क प्रदर्शन और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी.
Col सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी मामला: MP कैबिनेट को बर्खास्त करने की मांग
दरअसल, इंदौर के परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्ध सेवा आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में विधायक रमेश मेंदोला सहित शहर के कई जनप्रतिनिधि और पार्षद भी मौजूद रहे. मंत्री विजयवर्गीय ने आश्रम के बुजुर्गों, दिव्यांग बच्चों और महिलाओं के साथ आत्मीयता से समय बिताया.
स्नेह के धागों से बंधे हैं हम…!!!
मुझ पर हजारों माताओं-बहनों के आशीष एवं स्नेह की छांव है और हमारा यह परिवार निरंतर बढ़ रहा है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी आज इंदौर के आस्था वृद्धाश्रम पहुंचकर अपनों के बीच रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इस अवसर पर माताओं-बहनों ने स्नेह से राखी… pic.twitter.com/N6iT8cIxAM
— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) August 26, 2026
बुजुर्ग महिलाओं और दिव्यांग बच्चियों ने मंत्री को राखी बांधी, जिसके बाद उन्होंने सभी का आशीर्वाद लिया. इस दौरान माहौल काफी भावुक और खुशनुमा नजर आया. विजयवर्गीय ने रक्षाबंधन का पर्व आश्रम में रहने वाले लोगों के साथ परिवार की तरह मनाया.
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वे हर साल दीपावली और रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहारों पर आस्था वृद्ध सेवा आश्रम पहुंचकर यहां रहने वाले बेसहारा बुजुर्गों और दिव्यांग बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हैं.
चीनी की कीमतों पर बोले विजयवर्गीय
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चीनी की बढ़ती कीमतों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि चीनी का अधिक सेवन वैसे भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है. उन्होंने कहा कि 40 वर्ष की उम्र के बाद मेडिकल साइंस और विशेष रूप से आयुर्वेद भी लोगों को चीनी से दूरी बनाने की सलाह देता है.
उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी जरूर हुई थी, लेकिन अब दाम कम होने लगे हैं. जो चीनी 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, वह अब करीब 60 रुपये प्रति किलो के आसपास आ गई है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वीजा संबंधी फैसलों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री विजयवर्गीय ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “ट्रंप फूफा का कोई भरोसा नहीं है, सुबह कुछ कहते हैं और शाम को कुछ और, इसलिए उनके किसी भी बयान पर अभी टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.”
कांग्रेस के प्रदर्शन पर कसा तंज
वहीं, इंदौर में खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस द्वारा कीचड़ में बैठकर किए गए विरोध प्रदर्शन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को बैठना ही है तो केवल खराब सड़कों पर ही क्यों, शहर की अच्छी और आदर्श सड़कों पर भी जाकर उत्सव मनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जहां सड़कें खराब हैं, वहां सुधार का कार्य होगा लेकिन कांग्रेस को अच्छी सड़कों की भी सराहना करनी चाहिए.
बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त की गई कविता पाटीदार को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भावुक भी नजर आए. उन्होंने कहा कि कविता पाटीदार को वे बचपन से जानते हैं. जब वे महू जाते थे, तब कविता के पिता ने उनसे उनका परिचय कराया था.
उन्होंने कहा कि जिस बच्ची को उन्होंने बचपन से बढ़ते देखा, आज उसका भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय मंत्री बनना गर्व की बात है. उन्होंने बताया कि हाल ही में कविता पाटीदार ने उन्हें पिता तुल्य बताया था, जिससे वे भावुक हो गए थे.
दमकल से MLA की निजी कार की धुलाई? सिंगरौली में वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
इंदौर को ग्रीन सिटी बनाने का लक्ष्य
इसके साथ ही मंत्री ने शहर में चल रहे पौधारोपण अभियान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता में देश का नंबर वन शहर बन चुका है और अब सभी का लक्ष्य इंदौर को देश का सबसे हरित यानी ग्रीन इंदौर बनाना होना चाहिए.
