

नई दिल्ली:
14 अगस्त को रिलीज होने को तैयार ‘बंटवारा-1947’ की पूरी स्टारकास्ट यानी सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा आमिर खान सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के ग्रैंड प्रीमियर में पहुंचे, जिसका प्रोमो मेकर्स ने शेयर किया. वीडियो में सभी कलाकार होस्ट अमिताभ बच्चन के साथ इस क्विज-बेस्ड रियलिटी शो में अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का प्रमोशन करते नजर आ रहे हैं. जबकि इस दौरान बिग बी ने मजेदार अंदाज में सनी देओल और आमिर खान को वॉर्निंग दे दी.
अमिताभ बच्चन की सनी और आमिर के साथ मस्ती
चैनल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक नया प्रोमो शेयर किया है. इसमें आमिर खान मस्ती के मूड में बिग बी से इस सीजन की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ के बारे में सवाल करते दिख रहे हैं. आमिर कहते हैं, “आपने प्रोमो में कहा है ‘सोचना पड़ेगा’, तो क्या सोचना पड़ेगा?” इसके जवाब में अमिताभ बच्चन ने अपने खास अंदाज में कहा, “इतना आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि सोचना पड़ता है न, भाईसाब.” आमिर ने तुरंत सहमति जताते हुए कहा, “सोचना पड़ेगा, सर… वाकई सोचना पड़ेगा.”
पहली बार कौन बनेगा करोड़पति में पहुंचे सनी देओल
यह पहली बार है जब सनी देओल कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर नजर आएंगे. बता दें कि सनी का अमिताभ बच्चन के साथ बहुत पुराना और गहरा रिश्ता है. यह रिश्ता उनके पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के जरिए दशकों पुराना है. अमिताभ और धर्मेंद्र ने साथ में कई यादगार फिल्में की हैं, जिनमें ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’ और ‘राम बलराम’ शामिल हैं. वे हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित समकालीन कलाकारों में से एक हैं.
बंटवारा 1947 के प्रमोशन में बिजी हैं सनी देओल
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और यह आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है. फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं. फिल्म में सनी देओल, करण देओल, अली जफर, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अभिमन्यु सिंह अहम किरदारों में हैं. फिल्म की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है. यह उन आम लोगों की जिंदगी को दिखाती है जो इस विभाजन से प्रभावित हुए थे.
बंटवारा 1947 की कहानी
कहानी में एक हिंदू परिवार को दिखाया गया है जो लाहौर से भारत आता है और उन्हें एक हवेली मिलती है जो पहले एक मुस्लिम परिवार की थी. कहानी में मोड़ तब आता है जब उन्हें पता चलता है कि उस हवेली में एक बुजुर्ग मुस्लिम महिला अभी भी रह रही है. इसी स्थिति से इंसानी रिश्तों, भावनाओं और संघर्ष की एक गहरी कहानी पेश की जाएगी. यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)





