खबर

किस काम ऐसा स्टंट… मुंबई में रील बनाने के लिए रेलवे पुल से लटककर पुल-अप्स कर रहे बच्चे, RPF ने दर्ज की FIR | Mumbai Railway Creek Bridge Stunt Video Raises Serious Security Concerns And Police Investigation



मुंबई:

सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसकी एक दिल दहला देने वाली मिसाल मुंबई के भयंदर और नायगांव के बीच स्थित रेलवे क्रीक ब्रिज से सामने आई है. इस पुल पर कुछ युवाओं ने अपनी जान हथेली पर रखकर खतरनाक स्टंट किए. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवा लोहे की सेफ्टी मेश पर हवा में लटककर बेझिझक ‘पुल-अप्स’ कर रहे हैं.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर आते ही हड़कंप मच गया है. रेलवे क्रीक ब्रिज जैसे अति-संवेदनशील और प्रतिबंधित मेंटेनेंस एरिया में आम लोगों की नो-एंट्री होती है. ऐसे में यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि ये युवक इतनी आसानी से सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर कैसे दाखिल हो गए? थोड़ी सी भी चूक होने पर युवक सीधे खाड़ी के गहरे पानी में गिर सकते थे, जिससे उनकी जान जाना लगभग तय था.

आरपीएफ ने दर्ज किया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए भायंदर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तुरंत हरकत में आ गया है. आरपीएफ ने अज्ञात युवकों के खिलाफ रेलवे अधिनियम (Railways Act) की धारा 145 (उपद्रव/अप्रिय आचरण) और धारा 147 (अनाधिकृत प्रवेश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

AI और वीडियो की सच्चाई खंगालने में जुटी पुलिस

वायरल फुटेज की सत्यता जांचने के लिए रेलवे पुलिस टेक्निकल टीम की मदद ले रही है. अधिकारी इस बात की भी गहन जांच कर रहे हैं कि कहीं यह वीडियो फर्जी, एडिटेड या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तो तैयार नहीं किया गया है.

इसके साथ ही पुलिस की अलग-अलग टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह घटना असल में किस तारीख और समय पर अंजाम दी गई थी. स्टंट करने वाले युवाओं की पहचान करने के साथ-साथ इस पूरे मामले का वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है, ताकि सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बर्बरता का वीडियो वायरल, नशे में रॉड से किया हमला; पुलिस कर रही मामले की जांच





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button