खबर

कान्हा की लीलाओं से लेकर राधा के प्रेम तक, जन्माष्टमी पर कान्हा के रंग में रंग देंगे ये 7 एवरग्रीन गाने | janmashtami-special-7-evergreen-bollywood-songs-on-radha-krishna-love-and-kanha-leelas-kanha-bhakti-songs


नई दिल्ली:

देशभर में जन्माष्टमी का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है. मंदिरों में सजावट होती है, घरों में लड्डू गोपाल की झांकियां सजाई जाती हैं और रात के समय श्रीकृष्ण के जन्म का इंतजार किया जाता है. इसके साथ ही दही-हांडी, भजन और संगीत भी इस त्योहार का खास हिस्सा हैं. बॉलीवुड ने भी कृष्ण की लीलाओं, राधा-कृष्ण के प्रेम और कान्हा की शरारतों को कई यादगार गानों के जरिए लोगों तक पहुंचाया है. यही वजह है कि कुछ फिल्मी गाने आज भी जन्माष्टमी की प्लेलिस्ट का हिस्सा बने हुए हैं. 

जन्माष्टमी के 7 गाने, जो कान्हा के रंग में आपको देंगे रंग

राधा कैसे ना जले

जन्माष्टमी की जब भी बात होती है, तो ‘राधा कैसे ना जले’ गाने का जिक्र जरूर होता है. साल 2001 में आई फिल्म ‘लगान’ का यह गाना राधा-कृष्ण के रिश्ते की नटखट कहानी को दिखाता है. गाने में आमिर खान कृष्ण के अंदाज में नजर आते हैं, जबकि ग्रेसी सिंह राधा का किरदार निभाती हैं. राधा अपने कृष्ण को दूसरी गोपियों के साथ देखकर जिस तरह की शिकायत और जलन जाहिर करती हैं, वही इस गाने की सबसे खास बात है. इस गाने को आशा भोसले और उदित नारायण ने गाया है, वहीं ए.आर. रहमान ने संगीत और जावेद अख्तर ने इसके बोल लिखे.

वो किसना है 

अगर आप जन्माष्टमी के मौके पर भक्ति के साथ भव्य संगीत सुनना चाहते हैं तो ‘वो किसना है’ आपकी प्लेलिस्ट में जरूर होना चाहिए. यह गाना 2005 में आई फिल्म ‘किसना: द वॉरियर पोएट’ का है. फिल्म में विवेक ओबेरॉय मुख्य भूमिका में नजर आए थे. गाने में कृष्ण के सुंदर रूप, उनकी शक्ति और उनके आकर्षक व्यक्तित्व का वर्णन किया गया है. इस गाने को सुखविंदर सिंह, इस्माइल दरबार और आयशा दरबार ने आवाज दी है. जावेद अख्तर ने इसके बोल लिखे हैं. गाने में भक्ति के साथ उत्सव का रंग भी दिखाई देता है.

मैया यशोदा

कृष्ण की बाल लीलाओं और यशोदा मैया के साथ उनके रिश्ते पर बना ये गाना ‘मैया यशोदा’ बेहद प्यारा है. सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ का यह गाना 1999 में रिलीज हुआ था. गाने में करिश्मा कपूर, तब्बू और सोनाली बेंद्रे नजर आती हैं और कृष्ण की शरारतों को लेकर गाने के जरिए शिकायत करती है. इस गाने को अलका याग्निक, अनुराधा पौडवाल और कविता कृष्णमूर्ति ने आवाज दी है. जन्माष्टमी के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आज भी इस गाने पर बच्चे और महिलाएं डांस करते नजर आते हैं.

बड़ा नटखट है रे

Latest and Breaking News on NDTV

साल 1972 में आई फिल्म ‘अमर प्रेम’ का ‘बड़ा नटखट है रे’ आज भी कृष्ण भक्ति के सबसे प्यारे गानों में गिना जाता है. इस गाने में मां की नज़र से बाल कृष्ण की शरारतों को दिखाया गया है. लता मंगेशकर की आवाज़ ने इस गीत को खास बना दिया. आनंद बख्शी ने इसके बोल लिखे और आर.डी. बर्मन ने संगीत दिया. गाने का भाव इतना सरल है कि इसे सुनते ही यशोदा मैया और बाल कृष्ण की तस्वीर मन में बनने लगती है. गाना सुनने के लिए यहां क्लिक करें.

गो गो गोविंदा

जन्माष्टमी के मौके पर दही-हांडी को लेकर लोगों में खूब जोश होता है. इस जोश को ‘गो गो गोविंदा’ गाने के जरिए दिखाया गया है. अक्षय कुमार और परेश रावल की फिल्म ‘ओह माय गॉड!’ के इस गाने में सोनाक्षी सिन्हा और प्रभुदेवा जबरदस्त डांस करते नजर आते हैं. गाना दही-हांडी के माहौल और मटकी फोड़ने की परंपरा को एनर्जेटिक अंदाज में दिखाता है. श्रेया घोषाल और अमन त्रिखा ने इस गाने में अपनी आवाज दी. यह गाना जन्माष्टमी के कार्यक्रमों में आज भी खूब बजता है.

राधे राधे

आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ का ‘राधे राधे’ नई पीढ़ी के बीच जन्माष्टमी का रंग जमाने वाला गाना है. 2019 में आई इस फिल्म के गाने में आयुष्मान खुराना और नुसरत भरूचा नजर आए. गाना राधा और कृष्ण के रिश्ते को एक नए और मॉडर्न अंदाज में पेश करता है. गाने को अमित गुप्ता और मीत ब्रदर्स ने आवाज दी. इसके बोल राधा-कृष्ण के प्रेम और एक-दूसरे के बिना अधूरेपन की भावना को दिखाते हैं.

ये भी पढ़ें: 44 साल से कृष्ण भक्तों की पहली पसंद है अमिताभ बच्चन का ये गाना, हर जन्माष्टमी पंडालों में जमकर रहती है धूम, लता-किशोर की आवाज में हिट

मोहे रंग दो लाल

दीपिका पादुकोण पर फिल्माया गया ‘मोहे रंग दो लाल’ भी कृष्ण से जुड़े गीतों की लिस्ट में खास जगह रखता है. यह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ का गाना है. गाने में दीपिका का किरदार कृष्ण की आराधना करते हुए नज़र आता है, और इसमें शास्त्रीय संगीत और नृत्य का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है. श्रेया घोषाल और पंडित बिरजू महाराज की आवाज़ ने इस गाने को खास बनाया.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button