खबर

सीरियल किलर और एफबीआई एजेंट के बीच दिमागी जंग, जानें कैसी है JioHotstar की 8 एपिसोड वाली थ्रिलर सीरीज Furious? पढ़ें रिव्यू | Serial Killer vs FBI Agent Is JioHotstar 8 Episode Thriller Series Furious Worth Watching Read the Review



नई दिल्ली:

Furious Review: जियोहॉटस्टार पर एचबीओ मैक्स और हुलु ऐप का कंटेंट भी आता है. इसी वजह से कई मजेदार सीरीज समय रहते देखने को मिल जाती हैं. ऐसी ही सीरीज की इन दिनों चर्चा है जिसका आखिरी एपिसोड रिलीज हो गया है. इस तरह 8 एपिसोड की क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘फ्यूरियस’ पूरी हो चुकी है. इस सीरीज में एक सीरियल किलर है, एक एफबीआई एजेंट है, और दोनों की जिंदगियों के चक्रव्यूह हैं, जिनसे जूझने की जद्दोजहद ही इस वेब सीरीज की कहानी है. ये सीरीज 1987 की फिल्म ब्लैक विडो से इंस्पायर है. इसका पहला एपिसोड 27 जुलाई 2026 को आया था. इसके दूसरे सीजन का भी ऐलान किया जा चुका है. आइए जानते हैं कैसी है वेब सीरीज.

‘फ्यूरियस’ की कहानी

जियोहॉटस्टार की ‘फ्यूरियस’ की कहानी एफबीआई एजेंट एलिस ब्लैक की है जो एक सीरियल किलर का पीछा कर रही है. इस सीरियल किलर को उन लोगों का कत्ल करना है जिन्होंने उसे सेक्स ट्रैफिकिंग का शिकार बनाया. लेकिन इन दोनों ही की बैक स्टोरी भी है. एलिस की पर्सनल लाइफ भी उतार-चढ़ाव भरी है और इसे केस के साथ अपनी पर्सनल लाइफ को भी संभालना है. कुल मिलाकर 8 एपिसोड की ये सीरीज बांधकर रखती है. डायरेक्टर ने बहुत ही इत्मिनान के साथ कहानी को गढ़ा और पिरोया है. कहानी अपने साथ लेकर चलती है. 

‘फ्यूरियस’ में एक्टिंग

एक्टिंग के मामले में कहीं कोई चूक नहीं हुई है. एमी रॉसम ने एलिस का किरदार पूरी शिद्दत के साथ निभाया है. उन्होंने किरदार की खामी और खूबियों को बखूबी समेटा है. वे अपने किरदार के साथ इंसाफ करती हैं. सीरियल किलर कैथरीन ग्रेस के किरदार में लोला पैटीक्रू ने कमाल का काम किया है. किरदार की बारीकियों को पकड़ा, फिर जिस तरह के एक्सप्रेशंस लोला ने दिए, लो उनके किरदार को यादगार बनाते हैं. इनके अलावा क्विंसी टाइलर और स्कूट मैकनेरी ने भी अच्छा काम किया है. 

‘फ्यूरियस’ वर्डिक्ट

‘फ्यूरियस’ सीरियल किलर और एफबाई एजेंट की जिंदगी, उनकी परेशानियों और उन्हें तोड़ने के मुकाम तक लाने वाले हालातों के बारे में हैं. इसकी क्रिएटर एलिजाबेथ मेरीवेदर ने कहानी को मजबूती के साथ गढ़ा है. जिस तरह से 8 एपिसोड में उन्होंने कहानी को पेश किया है, वो बांधकर रखता है. हालांकि बीच में थोड़ी खींची हुई लग सकती है. लेकिन इतना चलता है. 

फीमेल एफबीआई एजेंट की जिंदगी और नौकरी पर उतार-चढ़ाव को भी सॉलिड ढंग से पेश किया गया है. अगर सीरियल किलर की कहानी को कुछ अलग ढंग से देखना चाहते हैं तो ये मस्ट वॉच है.

रेटिंग: 4/5 स्टार
ओटीटी: जियोहॉटस्टार
क्रिएटर: एलिजाबेथ मेरीवेदर 
एक्टर: एमी रॉसम, लोला पैटीक्रू, क्विंसी टाइलर और स्कूट मैकनेरी 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button