

बिहार के कटिहार में दिनदहाड़े अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या से सनसनी फैल गई. नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शी वीडियो के अनुसार पहले उन्हें स्कूटी से गिराया गया, फिर चाकू से हमला किया गया और बाद में सिर में गोली मार दी गई. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने का दावा किया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
परिजनों ने एक पुराने विवाद का हवाला देते हुए एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस का कहना है कि मृतक का पहले से कुछ विवाद चल रहा था और उसी एंगल से जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब सवा 10 बजे जिले के पटेल चौक के पास हुई. कटिहार के SP परिचय कुमार ने कहा, ‘अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी स्कूटर से जा रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी.’ उन्होंने बताया कि FSL की टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए.
SP ने कहा, ‘हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझाने का प्रयास करेंगे.’ अधिकारियों के अनुसार, अंसारी कटिहार जिला अदालत जा रहे थे तभी कुम्हार टोली के पास हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. विरोध करने पर पहले उन पर कथित रूप से चाकू से हमला किया गया, फिर कनपटी में गोली मार दी गई. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग अंसारी को सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.





