

बिहार में चोरी के शक में 2 लोगों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा.
कटिहार जिले के सालमारी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां दो युवकों पर चोरी करने का आरोप लगाया गया. आरोप लगते ही कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले करने के बजाय खुद ही फैसला सुनाने लगे.
पेड़ से बांधकर की गई पिटाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों को एक पेड़ से बांध दिया गया. इसके बाद गुस्साई भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई की. बताया जा रहा है कि इलाके में छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं से लोग पहले से नाराज थे, जिसके कारण मामला हिंसक रूप ले बैठा. दोनों युवकों पर चोरी के आरोप लगाए गए थे, लेकिन भीड़ ने कानूनी प्रक्रिया का इंतजार किए बिना खुद ही कार्रवाई शुरू कर दी.
वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में दिखाई देता है कि भीड़ ने दोनों युवकों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की. इस घटना ने भीड़ द्वारा कानून अपने हाथ में लेने की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
थाने के पास हुई घटना ने उठाए सवाल
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना सालमारी थाना परिसर से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई. इसके बावजूद घटना को लेकर शुरुआती दौर में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई. इससे स्थानीय पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल वायरल वीडियो और घटना को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. स्थानीय लोग अब पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें-
आजमगढ़ की वोटर लिस्ट में 13 बार मिला एक ही नाम, 6 कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी
पूरी स्टोरी पढ़ें





