
रियाद:
सऊदी अरब पर यमन के हूती हमलों से मिडिल ईस्ट में एक नया जंग शुरू हो गया है. हूती हमलावरों ने सऊदी के कई एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया है. इससे सऊदी आना-जाना भी बेहद खतरनाक हो चुका है. सऊदी में हो रहे हमलों के कारण एक-एक कर फ्लाइट कंपनियां अपनी सर्विस बंद कर रही हैं. अब एयर इंडिया ग्रुप ने भी सऊदी अरब जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी है. एयर इंडिया ने बताया कि क्षेत्र में मौजूदा हालात को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए उड़ानों पर रोक बढ़ा दी है.
नए अपडेट के अनुसार अब रियाद और दम्माम आने-जाने वाली एयर इंडिया ग्रुप की उड़ानें 7 नवंबर 2026 तक निलंबित रहेंगी. जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 24 अक्टूबर या उससे पहले जारी कन्फर्म टिकट वाले यात्री टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड ले सकते हैं. एयरलाइन्स के मुताबिक यात्री अपनी बुकिंग को दोबारा कराने के लिए भी उपलब्ध लचीले विकल्पों का लाभ उठा सकते हैं.
एयर इंडिया के यात्रियों के लिए सुविधा
रियाद और दम्माम के यात्रियों को 7 नवंबर तक की मूल यात्रा के लिए सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी चालू स्टेशन से आने-जाने की एक बार मुफ्त री-बुकिंग की सुविधा मिलेगी. इस सुविधा के तहत 21 नवंबर तक की यात्रा के लिए टिकट दोबारा बुक कराया जा सकता है.
जेद्दा के यात्रियों को 31 अक्टूबर तक की मूल यात्रा के लिए एक बार मुफ्त री-बुकिंग की सुविधा मिलेगी. इसके तहत 14 नवंबर तक यात्रा की जा सकती है. सभी री-बुकिंग उपलब्ध सीटों पर निर्भर होगी.

रियाद और दम्माम के यात्रियों को निर्धारित शर्तों के तहत सऊदी अरब या बहरीन और भारत के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस के किसी चालू स्टेशन से आने-जाने के लिए एक बार मुफ्त री-बुकिंग मिलेगी. इसके तहत 21 नवंबर तक यात्रा की जा सकती है. जेद्दा के यात्रियों को इसी तरह 14 नवंबर तक यात्रा के लिए एक बार मुफ्त री-बुकिंग की सुविधा मिलेगी.
इन सुविधाओं के लिए टिकट 24 अक्टूबर या उससे पहले बुक होना चाहिए और यात्रा की मूल तारीख संबंधित उड़ानों के निलंबन की अवधि के भीतर होनी चाहिए.
एयर इंडिया हेल्पलाइन नंबर
- एयर इंडिया: +91 11 69329333 / +91 11 69329999
- एयर इंडिया एक्सप्रेस: +91 124 6935600
इंडिगो की सर्विस भी 31 अक्टूबर तक के लिए रद्द
यात्री एयरलाइन के शहरों में स्थित बुकिंग कार्यालयों से भी संपर्क कर सकते हैं. इससे पहले इंडिगो ने भी सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों के निलंबित रहने की अवधि बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी है.
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज किए जाने के बीच उड़ानें प्रभावित हुई हैं.
उड़ानें रद्द करने की अवधि बढ़ाने का यह फैसला बुधवार को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद आया है. इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे.
आकासा एयर ने जेद्दा जाने-आने वाली उड़ानों के निलंबन को 10 नवंबर तक और रियाद आने-जाने वाली उड़ानों के निलंबन को 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है.
यह भी पढ़ें – सऊदी के दम्माद एयरपोर्ट पर हुए हमले में मारे गए 2 लोगों में एक भारतीय शामिल, 2 अन्य इंडियन भी घायल





