

एनटीपीसी चतरा का कन्वेयर बेल्ट टूट गया था
NDTV
चतरा:
झारखंड के एनटीपीसी चतरा प्लांट में एक बड़ा हादसा हुआ है. कन्वेयर टूटने के कारण कम से कम तीन मजदूरों की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, कई कर्मचारी करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर काम कर रहे थे. इसी दौरान क्वेयर बेल्ट टूट गया. इस हादसे में दो कर्मचारी घायल भी हुए हैं.
बताया जा रहा है कि ये हादसा निर्माण कार्य के दौरान हुआ. यह घटना एनटीपीसी के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुई, जहां कन्वेयर बेल्ट का निर्माण चल रहा था. जानकारी के मुताबिक, स्ट्रक्चरल डिजाइन में खराबी के कारण बेल्ट टूट गया. वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में जमीन पर मजूदरों के शव दिख रहे हैं. एक गंभीर रूप से घायल मजदूर को उनके साथी बाहर निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं. घटना के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है. प्रशासन अभी राहत कार्यों में लगा हुआ है.
जैसे ही हादसा हुआ घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. कुछ मजूदरों के शव जमीन पर पड़े थे. एक मजदूर कन्वेयर बेल्ट के साथ ही लटक गया. घायलों को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. चतरा के एसपी अनिमेष मैथानी ने इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि हादसे के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है. नैथानी ने बताया कि निर्माण कार्य एनटीपीसी द्वारा नियुक्त एक आउटसोर्स कंपनी करा रही थी. एनटीपीसी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है.
पूरी स्टोरी पढ़ें





