

उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात गए हैं. चमोली जिले में नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण एक लोहे का पुल बह गया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी का भारी सैलाब तेजी से नीचे की ओर बहता हुआ दिखाई दिया और चमोली जिले में पड़ने वाली घाटी में बने लोहे के पुल से टकराया. कुछ ही सेकंड में, पानी के जबरदस्त दबाव ने पुल को उखाड़ दिया और उसे नदी के किनारे की तरफ धकेल दिया.
बचाव टीम मौके के लिए रवाना
उत्तराखंड के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने यह वीडियो शेयर करते हुए बताया कि चमोली जिले की नीति घाटी में तमक नाले के उफनाने से नाले पर निर्मित पुल क्षतिग्रस्त हुआ है. मलारी गांव से आगे आवाजाही बाधित हो गई है. इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है. जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हो गई हैं.
चमोली जिले की नीति घाटी में तमक नाले के उफनाने से नाले पर निर्मित पुल क्षतिग्रस्त। मलारी गांव से आगे आवाजाही हुई बाधित। किसी व्यक्ति के हताहत होने की नहीं है अभी तक कोई सूचना। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना।#NitiGhati#Chamoli #Uttarakhand… pic.twitter.com/j2WHcTSuIM
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) August 10, 2026
एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना
चमोली जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया. घटना में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना है. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है.
सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है.
तमक नाले में बढ़े जल प्रवाह के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. पुलिस प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को सावधानी बरतने और नदी-नालों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बारिश का कहर, 164 सड़कें बंद; 11 अगस्त तक येलो अलर्ट





