खबर

ईरान पर बोल रहे थे ट्रंप, तभी UN महासभा से ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने कर दिया वॉकआउट | Iran Delegation Walks Out During Donald Trump UNGA Speech Over Remarks on Tehran and Military Action



संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण पर एक असामान्य घटनाक्रम देखने को मिला. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप जब ईरान और उसके खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई पर बोल रहे थे, तभी ईरानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य महासभा हॉल से बाहर निकल गए. उन्होंने इस महासभा से वॉक आउट कर दिया.

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने अपने संबोधन में ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों का जिक्र किया. इसी दौरान तेहरान का प्रतिनिधित्व कर रहे राजनयिक अचानक हॉल छोड़कर चले गए. बताया गया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल की ओर से केवल एक जूनियर स्तर का कर्मचारी वहां मौजूद रहा.

हालांकि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और विदेश मंत्री अब्बास अरागची UNGA में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क में मौजूद हैं, लेकिन ट्रंप के भाषण के दौरान दोनों नेता ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ हॉल में नहीं बैठे थे.

ट्रंप ने क्या कहा?

UNGA के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बात की. इस दौरान उन्होंने ईरान को लेकर सख्त रुख दिखाया. ट्रंप ने कहा कि अगर कोई शांति समझौता नहीं हुआ तो वह ईरान को ‘पूरी तरह खत्म’ कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका के मिड-टर्म चुनाव के बाद दोनों देशों के बीच किसी समझौते की संभावना बन सकती है.

उन्होंने कहा कि ईरान चुनाव नतीजों का इंतजार कर रहा है, लेकिन उनके लिए चुनाव कोई मुद्दा नहीं है. ट्रंप ने दोहराया कि उनकी प्राथमिकता सिर्फ इतनी है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके.

होर्मुज स्ट्रेट का भी किया जिक्र

अपने भाषण में ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से तेल ले जाने वाले जहाजों की सुरक्षा का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना ने हाल के दिनों में बड़ी मात्रा में तेल को सुरक्षित तरीके से होर्मुज से बाहर निकालने में मदद की है. ट्रंप ने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद अब इस रास्ते से तेल और जहाजों की आवाजाही अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है.

ईरान ने भी दिया जवाब

दूसरी ओर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने UNGA में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क रवाना होने से पहले क्षेत्रीय तनाव और हिंसा पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि दुनिया को क्षेत्र में हो रहे कथित दमन और संघर्षों के बारे में जागरूक होना चाहिए. पेजेशकियन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से युद्ध और खून-खराबा रोकने तथा वैश्विक भरोसा बहाल करने की अपील की. ईरानी राष्ट्रपति बुधवार को महासभा को संबोधित करने वाले हैं. इस दौरान वे कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे.

यह भी पढ़ें: तुर्किए ने यूएन में फिर अलापा कश्मीर राग, ‘बेगानी शादी में दीवाना’ बने पाकिस्तान परस्त एर्दोगन




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button