खबर

इंडिया गेट पहुंचे राहुल-प्रियंका, धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता से की मुलाकात | Rahul Gandhi At India Gate Will meet Ankita Bhandari Family members



उत्तराखंड का अंकिता भंडारी मर्डर केस एक बार फिर चर्चा में आ गया है. अंकिता भंडारी के माता-पिता इंडिया गेट पर धरने पर बैठे हैं. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी अब उनके साथ इंडिया गेट पर धरना देने वाले हैं. राहुल के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी हैं.

अंकिता के माता-पिता दुष्यंत गौतम सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं. दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने का कांग्रेस भी विरोध कर रही है.

दुष्यंत गौतम का अंकिता भंडारी मर्डर केस में कोई सीधा नाम या आरोप नहीं लगा है. लेकिन इस हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ का जिक्र हुआ था. इसके बाद से ही आरोप लगे कि यह कथित वीआईपी दुष्यंत गौतम हैं.

अंकिता के माता-पिता ने क्या कहा?

अंकिता की मां ने NDTV से कहा कि 12 तारीख को जब यह खबर आई कि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया है तो हमें बहुत दुख हुआ. हम राष्ट्रपति जी से यह प्रार्थना करते हैं कि वह एक महिला हैं, एक बेटी की मां होने की भावनाओं को समझें.

उन्होंने मांग की है कि दुष्यंत गौतम को गवर्नर बनाए जाने के फैसले पर रोक लगाई जाए. उन्होंने मांग की जब तक सीबीआई जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक कोई फैसला न हो.

वहीं, अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि दुष्यंत गौतम को सलाखों के पीछे डाला जाए. उन्होंने कहा कि जब उर्मिला सनावर बार-बार कह रही है कि वह वीआईपी दुष्यंत कुमार गौतम ही है तो सीबीआई इसे क्यों छिपा रही है. 

क्या है पूरा मामला?

ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली 19 साल की अंकिता की 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों – सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या कर दी थी. 

घटना के चार दिन बाद चीला नहर से अंकिता का शव बरामद हुआ था. तीनों को इस मामले में अदालत से उम्रकैद की सजा सुनाई गई है.

हालांकि, पिछले साल दिसंबर में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद अंकिता हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ के शामिल होने का मामला सुर्खियों में आ गया.

इस मामले में कांग्रेस समेत कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन किए. इन प्रदर्शनों में अंकिता के माता-पिता भी शामिल हुए. इस साल जनवरी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button