

वाशिंगटन:
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की मांग कर दी गई है. केंटकी से रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने सदन (प्रतिनिधि सभा) में हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया है. इस प्रस्ताव में ईरान युद्ध, यमन में मिलिट्री ऑपरेशन और वेनेजुएला में की गई कार्रवाई को आधार बनाया गया है. वहीं दूसरी ओर हेगसेथ ने इन सैन्य अभियानों का बचाव करते हुए कहा कि यदि इन फैसलों पर बहस करनी है तो वह इसके लिए तैयार हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनका खुलकर समर्थन किया है.
संविधान के लिए खतरा : मैसी
न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक अमेरिकी संसद (यूएस कांग्रेस) में मिडटर्म चुनाव के बाद लौटे सांसदों के पहले ही दिन सांसद थॉमस मैसी ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश कर दिया. इसके जरिए आरोप लगाया गया है कि हेगसेथ ने ईरान, यमन और वेनेजुएला से जुड़े सैन्य अभियानों में ‘गैरकानूनी आदेशों’ को लागू किया और वह संविधान के लिए खतरा बने हुए हैं. प्रतिनिधि सभा में इस प्रस्ताव पर सप्ताह के मध्य तक वोटिंग हो सकती है.
हेगसेथ बोले, सैन्य अभियानों पर बहस के लिए तैयार
रोड आइलैंड स्थित नेवल वॉर कॉलेज में भाषण के बाद पत्रकारों से बातचीत में हेगसेथ ने महाभियोग की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि यह राजनीतिक प्रेरित कदम है. उन्होंने कहा, ‘अगर कोई ऑपरेशन एपिक फ्यूरी, रफ राइडर या निकोलस मादुरो को पकड़ने की कार्रवाई पर सवाल उठाना चाहता है, तो वह उन सैनिकों की उपलब्धियों पर सवाल उठा रहा है जिन्होंने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है.’ हेगसेथ ने यह भी घोषणा की कि वह मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जो पिछले 180 दिनों से अधिक समय में उनकी पहली औपचारिक मीडिया ब्रीफिंग होगी.
ईरान युद्ध को बताया जरूरी कदम
हेगसेथ ने कहा कि भले ही ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई लोकप्रिय नहीं रही हो, लेकिन यह जरूरी थी. उन्होंने कहा, ‘किसी न किसी को ईरानी शासन की परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिशों का सामना करना ही था. हमारे सामने विकल्प था या तो कुछ न करें या फिर साहसिक कदम उठाएं.’ उन्होंने यह भी दोहराया कि ईरान को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि ईरान अब भी मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों और समुद्री मार्गों को निशाना बनाने में सक्षम है.
ट्रंप ने किया बचाव
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हेगसेथ का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें दो युद्ध जीतने की सजा दी जा रही है. ट्रंप ने कहा, ‘उनका अपराध केवल इतना है कि उन्होंने दो युद्ध जीते हैं. मेरा मानना है कि हमने मध्य पूर्व और इजराइल को बचाया. ऐसे व्यक्ति पर महाभियोग चलाना मुश्किल है जिसने ऐसा किया हो.’ सोमवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप ने दोबारा कहा कि वह हेगसेथ के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने थॉमस मैसी की आलोचना करते हुए उन्हें ‘हारा हुआ व्यक्ति’ तक कहा.
ईरान को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान
वहीं ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर ट्रंप ने दावा किया कि सैन्य नजरिए से लड़ाई लगभग समाप्त हो चुकी है. उन्होंने कहा, ‘सैन्य रूप से ईरान का अध्याय लगभग खत्म हो चुका है. हम केवल मौजूदा स्थिति बनाए हुए हैं.’ उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम दोबारा खतरा न बने. अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के अनुसार ईरान के पास 60 प्रतिशत तक संवर्धित 440.9 किलोग्राम यूरेनियम मौजूद है, जो हथियार-स्तर के 90 प्रतिशत संवर्धन से केवल एक तकनीकी कदम दूर माना जाता है.
सर्वे में लोगों का क्या मत रहा?
इस बीच एपी वोटर पोल के अनुसार लगभग 10 में से 6 अमेरिकी मतदाताओं का मानना है कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर गलत फैसला लिया. कांग्रेस में बढ़ते दबाव के बीच हेगसेथ लगातार सोशल मीडिया पर भी अपना पक्ष रख रहे हैं और उन्होंने कहा है कि राजनीतिक हमलों से वह पीछे हटने वाले नहीं हैं.
यह भी पढ़ें : डेमोक्रेट सांसदों पर खूब बरसे डोनाल्ड ट्रंप, जस्टिस डिपार्टमेंट को दिया एक्शन का आदेश





