

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार (15 अगस्त) से राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. शाह रात करीब 9 बजे उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी करेंगे. इसके बाद शाह सड़क मार्ग से फतहसागर स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा. वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर डबोक एयरपोर्ट, उदयपुर सर्किट हाउस और उदय किरण अधिकारी विश्राम गृह के आसपास के क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है. यहां ड्रोन, यूएवी, हॉट एयर बैलून समेत अन्य उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा.
अटल बिहारी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण
अमित शाह के दौरे को देखते हुए उदयपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. डबोक एयरपोर्ट, सर्किट हाउस और कार्यक्रम स्थलों के आसपास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. गृहमंत्री रविवार को उदयपुर में जेके चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे. प्रतिमा अष्टधातु से निर्मित है.
रोड, एनर्जी और हेल्थ से जुड़े प्रोजेक्ट का लोकार्पण
दो दिवसीय दौरे के दौरान अमित शाह राजस्थान में करीब 12,112 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें सड़क, ऊर्जा, पेयजल, शिक्षा, डेयरी, लोक निर्माण और स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. इसके साथ ही 67 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की 667 करोड़ रुपये की किस्त डीबीटी के जरिए जारी की जाएगी. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 152 करोड़ रुपये की राशि भी जारी होगी.
यह भी पढ़ेंः करौली में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान चूक, ध्वजारोहण के दौरान नहीं खुली गांठ, पोल पर चढ़ा पुलिसकर्मी
अलवर में जनसभा को संबोधित भी करेंगे
मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 10,548 अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. दौरे के दौरान अमित शाह चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा पहुंचेंगे. यहां 15 जिलों के लिए 5,659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास होगा. इनमें 442 कार्यों का शिलान्यास और 502 कार्यों का लोकार्पण शामिल है.
अमित शाह अलवर के विजय नगर मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे. यहां 17 जिलों के 6,453 करोड़ रुपये के 954 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है. इनमें 387 कार्यों का शिलान्यास और 567 कार्यों का लोकार्पण होगा. अलवर में सरस डेयरी के नए संयंत्र का शिलान्यास और मेडिकल कॉलेज के नए भवन का लोकार्पण भी कार्यक्रम में शामिल हैं.
यह भी पढ़ेंः बीकानेर में सीएम भजनलाल शर्मा ने किया ध्वजारोहण, जयपुर की बड़ी चौपड़ पर वर्षों पुरानी परंपरा कायम





