सैफ अली खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ को लेकर सुर्खियों में हैं. इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में अक्षय कुमार भी लीड रोल में हैं. दोनों एक्टर्स इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं. इसी सिलसिले में सैफ और अक्षय जल्द ही अमिताभ बच्चन के पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में नजर आएंगे. शो का प्रोमो सामने आ गया है, जिसमें दोनों एक्टर्स बिग बी के साथ जमकर मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान अमिताभ ने सैफ संग अपने खास रिश्ते का खुलासा किया.
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रोमो रिलीज
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के प्रोमो में सैफ अली खान और अक्षय कुमार हॉटसीट पर नजर आ रहे हैं. गेम शुरू होने से पहले बिग बी सैफ के साथ अपने रिश्ते को लेकर ऐसा खुलासा करते हैं, जिसे सुनकर ‘हैवान’ एक्टर खुद भी दंग रह जाते हैं. इसके बाद बिग बी और सैफ के बीच रिश्ते को लेकर मजेदार बातचीत भी देखने को मिलती है.
‘करीना कपूर मुझे क्या कहकर बुलाएंगी?’
अमिताभ बच्चन ने कहा, ‘सर, बहुत लोग नहीं जानते कि ये हमारे रिश्ते में हैं. राज कपूर जी की बेटी रितु जी के बेटे निखिल की शादी मेरी बेटी से हुई है.’ इसके बाद बिग बी ने मजाकिया अंदाज में सैफ की पत्नी और एक्ट्रेस करीना कपूर खान का जिक्र किया, जो राज कपूर की पोती हैं. उन्होंने सैफ से पूछा, ‘तो अब मैं जानना चाहता हूं कि मैं करीना को कैसे बुलाऊं? करीना मुझे क्या कहकर बुलाएंगी?’
ये भी पढ़ें: 24 घंटों में बिके 168.69 हजार टिकट, 25वें दिन ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर करिश्मा, Toxic को पछाड़ा
शुक्र है कि ये गेम का सवाल नहीं है…
बिग बी का सवाल सुनते ही सैफ अली खान की हंसी छूट गई. उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, ‘शुक्र है कि ये गेम का सवाल नहीं है.’ इतना सुनते ही सभी हंस पड़े. वहीं, बगल में बैठे अक्षय कुमार भी जोर से ठहाका लगाते नजर आए. ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का ये प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. प्रोमो में सैफ और अमिताभ के बीच की मजेदार बातचीत ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है. अब फैंस को शो के टेलीकास्ट होने का बेसब्री से इंतजार है.
‘हैवान’ के बारे में जानिए
‘हैवान’ की बात करें तो ये फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. प्रियदर्शन फिल्म के डायरेक्टर हैं. इस फिल्म में बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर और जिस्सू सेनगुप्ता जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें: ईशा रिखी से तलाक अनाउंस करते ही बादशाह ने रिलीज किया नया गाना ‘चिमना’, मराठी म्यूजिक में किया डेब्यू