
हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही बयानबाजी अब एक बड़े राजनीतिक विवाद में बदल गई है. पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज भारती द्वारा अपनी ही राज्य सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जोरदार हमला बोला है.
जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सत्ताधारी दल के एक वरिष्ठ नेता द्वारा लगाए गए ये आरोप अब केवल कांग्रेस का अंदरूनी मामला नहीं हैं, बल्कि पूरे प्रदेश की जनता से जुड़ा एक गंभीर विषय बन गए हैं.
‘अटैची’ के लेन-देन और भ्रष्टाचार पर घेरा
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता नीरज भारती ने सार्वजनिक तौर पर सरकार पर भ्रष्टाचार और “अटैचियों” (सूटकेस) के लेन-देन जैसे संगीन आरोप लगाए हैं. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार में भ्रष्टाचार की चर्चाएं पहले से ही आम थीं, लेकिन अब खुद सत्ताधारी पार्टी के नेता सार्वजनिक मंच से इन बातों की पुष्टि कर रहे हैं. इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता.
हिमाचल में मौसम बदला: 6 दिन बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के आसार, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
नशा मुक्ति अभियान पर तंज
मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा नीरज भारती को कथित तौर पर ‘नशेड़ी’ बताए जाने पर जयराम ने तंज कसते हुए कहा, “यदि मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता को नशेड़ी मानते हैं, तो फिर राज्य सरकार के नशा मुक्ति अभियान की जमीनी हकीकत क्या है? मुख्यमंत्री को इन आरोपों का स्पष्ट जवाब प्रदेश की जनता को देना चाहिए.”
वेतन बहाली के फैसलों पर भी उठाए सवाल
विधायकों और मंत्रियों के वेतन-भत्तों की बहाली के मुद्दे पर भी जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के जल्दबाजी में निर्णय लेने के आदी हो गए हैं. वेतन और वित्तीय कटौतियों के समय भी विपक्ष ने पूछा था कि इससे राज्य को कितनी वास्तविक बचत होगी, जिसका सरकार के पास कोई जवाब नहीं था.
जयराम ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश को 3,920 करोड़ रुपये की बड़ी वित्तीय सहायता दी है, लेकिन राज्य सरकार ने इसके लिए केंद्र का आभार तक व्यक्त नहीं किया. उल्टा, सरकार अब इन ग्रांट्स का इस्तेमाल वेतन देने और अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में कर रही है.
पंचायत चुनावों में डराने-धमकाने का आरोप
आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर जयराम ठाकुर ने सरकार पर प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार साजिश और राजनीतिक दबाव की राजनीति कर रही है. बीजेपी समर्थित जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों पर दबाव बनाने के लिए रातों-रात उनकी निजी जमीनों की पैमाइश (नपाई) करवाई जा रही है, ताकि वे डरकर कांग्रेस का समर्थन करें.
‘बीजेपी में कोई गुटबाजी नहीं’
मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा बीजेपी में गुटबाजी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह एकजुट है. उन्होंने कहा, “हालिया चुनावों ने कांग्रेस को आईना दिखा दिया है. मुख्यमंत्री कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए भी केवल एक गुट के नेता थे और आज सरकार में भी उनकी यही स्थिति है.”
जिला परिषद चुनावों के लिए बीजेपी की रणनीति
नेता प्रतिपक्ष ने साफ किया कि बीजेपी का लक्ष्य प्रदेश के सभी 12 जिलों में अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिला परिषद अध्यक्ष बनाना है. इसके लिए पार्टी स्तर पर मंथन जारी है और जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा ताकि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को रफ्तार मिल सके.
Hamirpur News: ओमान तट पर तेल टैंकर हमले में हमीरपुर के नाविक आदित्य शर्मा की मौत, गांव में छाया शोक