

UP Police SI Result 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. लंबे समय से नतीजों का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है. बोर्ड ने चयनित उम्मीदवारों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चरण भी पूरा हो गया है. अब सफल अभ्यर्थी आगे की नियुक्ति प्रक्रिया का इंतजार करेंगे.
15 लाख से ज्यादा युवाओं ने आजमाई किस्मत
यूपी पुलिस SI भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. कुल 4,543 पदों के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इतने बड़े स्तर पर आवेदन आने के बाद भर्ती बोर्ड ने चरणबद्ध और पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई. परीक्षा से जुड़ी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 7 मई 2026 को अंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई थी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया बढ़ाई गई.
कई चरणों से गुजरकर पहुंचे अंतिम चयन तक
लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 12,333 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया. इसके बाद 15 जून से 17 जून 2026 तक दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) आयोजित किया गया. इस चरण में 11,637 उम्मीदवार सफल रहे. इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई 2026 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित हुई, जिसमें 9,758 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की. सभी चरणों को पूरा करने के बाद अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई.
किस पद पर कितने उम्मीदवार हुए चयनित
भर्ती बोर्ड ने कुल 4,543 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया है. इनमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 4,242 पद, PAC प्लाटून कमांडर एवं उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस के 135 पद, विशेष सुरक्षा बल (SSF) प्लाटून कमांडर के 60 पद और महिला बटालियन उप निरीक्षक के 106 पद शामिल हैं. इस भर्ती के माध्यम से पुलिस विभाग को बड़ी संख्या में नए अधिकारी मिलेंगे.
महिलाओं ने भी दिखाई दमदार मौजूदगी
अंतिम परिणाम में महिला उम्मीदवारों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा है. कुल 954 महिला अभ्यर्थियों ने सब-इंस्पेक्टर पद पर सफलता हासिल की है. वहीं श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार सामान्य वर्ग के 1,200, ओबीसी के 2,240, अनुसूचित जाति के 1,017 और अनुसूचित जनजाति के 86 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं.
22 जुलाई से उपलब्ध होंगे स्कोरकार्ड
भर्ती बोर्ड ने बताया है कि लिखित परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवार 22 जुलाई 2026 से अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे. इसके लिए वेबसाइट पर अलग लिंक उपलब्ध कराया जाएगा. स्कोरकार्ड देखने की प्रक्रिया और अन्य जरूरी निर्देशों को लेकर बोर्ड जल्द ही विस्तृत नोटिस जारी करेगा.
यह भी पढ़ें- तीसरी भाषा में फेल हुए तो नहीं मिलेगा 10वीं पास का सर्टिफिकेट, CBSE ने बताया नया नियम





