
- हजारों NEET अभ्यर्थियों को इस सुविधा से आर्थिक राहत मिलेगी.
हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है. NEET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने बड़ी राहत दी है. NEET के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए HRTC की साधारण बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी.
इस यात्रा के लिए अभ्यर्थियों को अपना नीट प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) साथ रखना अनिवार्य होगा क्योंकि प्रवेश पत्र ही उनकी पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र का प्रमाण माना जाएगा. इसी आधार पर अभ्यर्थियों को HRTC की साधारण बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिल सकेगा.
क्या है आदेश?
निगम मुख्यालय शिमला द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए HRTC की साधारण बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी. HRTC के उप महाप्रबंधक (सीपी/आईटी) राजेश शर्मा द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि यह सुविधा अभ्यर्थियों को उनके निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तथा परीक्षा के बाद वापस घर लौटने के लिए उपलब्ध होगी.
नि:शुल्क यात्रा के लिए ये होंगे नियम
नि:शुल्क यात्रा सुविधा केवल HRTC की साधारण (Ordinary) बसों में मान्य होगी. अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना NEET एडमिट कार्ड साथ रखना होगा, जो पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा. यह सुविधा एक बार जाने और एक बार लौटने की यात्रा के लिए ही मान्य होगी. नि:शुल्क यात्रा की सुविधा 20 जून से 22 जून 2026 (दोनों दिन सहित) तक उपलब्ध रहेगी. संबंधित परिचालक (कंडक्टर) एडमिट कार्ड पर यात्रा संबंधी आवश्यक प्रविष्टि दर्ज करेंगे ताकि सुविधा का दुरुपयोग न हो सके.
हजारों NEET अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
HRTC मुख्यालय ने सभी इकाई अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड निर्धारित प्रारूप में संधारित कर मुख्यालय को भेजने को कहा गया है. इस निर्णय से प्रदेश के हजारों NEET अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी.
