

देश के चार राज्यों में 28 विधान परिषद (एमएलसी) सीटों पर हुए चुनावों की मतगणना जारी है. इनमें सबसे ज्यादा नजरें उत्तर प्रदेश और बिहार पर टिकी हुई हैं. शुरुआती रुझान और घोषित परिणाम एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए अहम माने जा रहे हैं. अब तक सामने आए आंकड़े भाजपा और एनडीए के लिए उत्साहजनक दिखाई दे रहे हैं, जबकि विपक्ष कई सीटों पर पिछड़ता नजर आ रहा है.
यूपी में भाजपा का मजबूत प्रदर्शन, सपा को दो सीटों पर बढ़त
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में भाजपा का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है. अब तक के रुझानों और नतीजों के अनुसार भाजपा 7 सीटों पर जीत या बढ़त बनाए हुए है, जबकि समाजवादी पार्टी 2 सीटों पर आगे है.
- मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल ने जीत दर्ज की.
- मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा विजयी रहे.
- बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं.
- लखनऊ शिक्षक सीट पर भाजपा के उमेश द्विवेदी आगे चल रहे हैं.
- आगरा स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह बढ़त में हैं.
- इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर भाजपा के अशोक कुमार राठौर आगे हैं.
- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी मामूली बढ़त बनाए हुए हैं.
- वहीं आगरा शिक्षक और वाराणसी शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बढ़त में हैं.
बिहार में एनडीए का दबदबा, राजद का खाता नहीं खुला
बिहार की 8 सीटों पर भी एनडीए ने मजबूत प्रदर्शन किया है. अब तक के रुझानों में एनडीए 5 सीटों पर जीत या बढ़त बनाए हुए है, जबकि राजद का खाता खुलता नहीं दिख रहा.
- पटना स्नातक सीट पर जदयू आगे है.
- पटना शिक्षक सीट पर भाजपा को बढ़त मिली है.
- दरभंगा स्नातक, कोसी स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा मजबूत स्थिति में है.
- दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज ने जीतकर सबको चौंकाया है.
- सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं.
इन चुनावों को केवल स्थानीय चुनाव नहीं माना जा रहा बल्कि आगामी राजनीतिक समीकरणों की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है. उत्तर प्रदेश और बिहार के रुझान यह संकेत दे रहे हैं कि फिलहाल भाजपा और एनडीए कई क्षेत्रों में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं, जबकि विपक्ष को कुछ चुनिंदा सीटों पर ही बढ़त मिलती दिख रही है. अंतिम नतीजों पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं.
यह भी पढ़ें- दरभंगा में RJD, कांग्रेस और CPM तीनों आमने-सामने… त्रिकोणीय मुकाबले में बाजी मार ले गया जन सुराज





