

नई दिल्ली:
Jantar-Mantar Protest LIVE Updates: दिल्ली पुलिस ने सीजेपी नेता अभिजीत दिपके, सौरभ दांस और आशुतोष रांका को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया और अब वे रिहा हो चुके हैं. इससे पहले, 10 अक्टूबर को पुलिस ने तीनों सीजेपी नेताओं को हिरासत में लिया था. तीनों सीजेपी नेता मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे. जहां दिल्ली पुलिस ने उन्हें फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया था.
मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआईआर प्रोसेस के खिलाफ देश के कई हिस्सों में प्रोटेस्ट जारी है. शनिवार, 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर बुलाए गए प्रोटेस्ट के बाद दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया. जंतर-मंतर के आस-पास के इलाकों के साथ ही नई दिल्ली से जुड़े कई इलाकों में इंटरनेट बंद रहा और भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए. इस दौरान प्रदर्शन करने आने वाले लोगों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया. करीब तीन हजार लोगों को पुलिस ने कुछ घंटों की हिरासत के बाद छोड़ दिया.
यूट्यूबर ध्रुव राठी, सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके, प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास को अभी तक पुलिस हिरासत से छोड़ा नहीं गया है. सीजेपी सदस्यों को नाटकीय अंदाज में हिरासत में लिया गया. प्लेन लैंड होने के कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट के अंदर घुसकर दिल्ली पुलिस ने सीजेपी सदस्यों को हिरासत में लिया. सीजेपी का कहना है कि वे तीनों नेताओं से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें यह भी नहीं पता कि उन्हें कहां रखा गया है. पार्टी का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें ‘अगवा’ कर लिया है.
AISA की नेशनल प्रेसिडेंट नेहा बोरा शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतरीं और उन्हें हिरासत में ले लिया गया. जंतर-मंतर के आस-पास भारी पुलिस बल मौजूद था. ऐसे में नेहा बोरा दिल्ली हाट इलाके में प्रदर्शन करने पहुंच गईं. नेहा बोरा ने देर शाम सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए शनिवार को भी प्रोटेस्ट मार्च निकालने का ऐलान किया है.





