

Jana Nayagan Worldwide Box Office Collection Day 1: थलापति विजय की फिल्म जन नेता आखिरकार सिनेमाघरों में पहुंच गई है. छह महीने से ज्यादा इंतजार के बाद रिलीज हुई यह फिल्म विजय के फैंस के लिए बहुत खास है. यह फिल्म विजय की आखिरी फिल्म है, क्योंकि अब वे पूरी तरह से राजनीति में आ गए हैं. पहले दिन की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. ट्रेड एनालिस्ट सैकनिल्क के अब तक के आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन 7,176 शोज में फिल्म ने 20.06 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की. कुल ऑक्यूपेंसी 38% रही. जबकि अब तक भारत में नेट कलेक्शन 17 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें; सलमान की छात्रों को सलाह- पीएम ने आश्वासन दे दिया है, अब घर लौट जाएं
दुनियाभर में जबरदस्त कमाई
हालांकि यह फिल्म अपने पहले दिन दुनियाभर में 80 करोड़ के आसपास कमाई कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह 2026 की धुरंधर 2 के बाद दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन जाएगी. धुरंधर 2 ने दुनियाभर में पहले दिन 102 करोड़ रुपये कमाए थे. फिल्म की तमिल वर्जन सबसे आगे है, जिसने 15.61 करोड़ कमाए. तेलुगु वर्जन ने 80 लाख रुपये और हिंदी वर्जन ने 59 लाख रुपये की कमाई की. एडवांस बुकिंग में फिल्म को 22.26 करोड़ रुपये मिले थे, जिसमें ब्लॉक्ड सीट्स भी शामिल हैं. चेन्नई में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. थिएटर पूरी तरह भरे हुए थे और कई शोज हाउसफुल हो गए. लेकिन दूसरे शहरों में इतना उत्साह नहीं दिखा. बेंगलुरु, हैदराबाद और कोच्चि जैसे शहरों में बुकिंग औसत रही. कई शोज में अभी भी काफी सीटें खाली हैं.
दो साल बाद विजय की फिल्म
फिल्म के डायरेक्टर एच. विनोथ हैं. इसमें विजय के साथ पूजा हेगड़े, ममिता बैजू और बॉबी देओल मुख्य भूमिका में हैं. बॉबी देओल खलनायक के रोल में दिख रहे हैं. यह विजय की दो साल बाद रिलीज हुई फिल्म है. इससे पहले उनकी फिल्म GOAT (The Greatest of All Time) आई थी, जिसमें उन्होंने डबल रोल किया था. उसने दुनिया भर में करीब 467 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन बजट ज्यादा होने की वजह से इसे औसत माना गया. विजय की आखिरी बड़ी हिट फिल्म Leo (2023) थी, जिसने 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. अब सबकी नजर इस पर है कि जन नेता लियो का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं.





