
Hero MotoCorp ने भारतीय बाजार में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए Vida VX2 Go FB लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस नए Fixed Battery वैरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.13 लाख रुपये रखी है. ये नया मॉडल उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है जो हटाने वाली बैटरी की बजाय फिक्स्ड बैटरी वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर चाहते हैं.
नई Vida VX2 Go FB में 3.1kWh फिक्स्ड दी गई है, जो IDC प्रमाणित 128 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है. ये मॉडल मौजूदा Vida VX2 Go 2.2kWh और Vida VX2 Go 3.4kWh वैरिएंट के बीच रखा गया है. कंपनी के अनुसार इसे सामान्य घरेलू वॉल सॉकेट से सीधे चार्ज किया जा सकता है, जबकि पहले के Vida स्कूटर रिमूवेबल बैटरी पैक के साथ आते थे.
128Km रेंज, 70Kmph टॉप स्पीड और फास्ट चार्जिंग
Hero Vida VX2 Go FB में 6kW Swingarm Mounted Electric Motor दिया गया है, जो स्कूटर को 70 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड तक पहुंचाने में सक्षम बनाता है. फीचर्स की बात करें तो इसमें लंबी और आरामदायक सीट, 27.2 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज, 4.3 इंच LCD डिस्प्ले, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. कंपनी का दावा है कि फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी 65 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है.
Battery-as-a-Service का भी मिलेगा विकल्प
Hero MotoCorp इस स्कूटर को Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल के साथ भी उपलब्ध कराएगी. इससे ग्राहकों को बैटरी खरीदने की बजाय सब्सक्रिप्शन मॉडल का विकल्प मिलेगा. कंपनी के मुताबिक Vida VX2 Go FB की बिक्री अगस्त की शुरुआत से देशभर के ऑथोराइज्ड डीलरशिप पर शुरू होगी. Hero MotoCorp के पास फिलहाल 5,900 से ज्यादा फास्ट चार्जिंग स्टेशन और 700 से अधिक सर्विस टच प्वाइंट्स का नेटवर्क मौजूद है.

Vida VX2 लाइनअप में मिलते हैं कई ऑप्शन
Vida VX2 सीरीज फिलहाल Go और Plus दो वैरिएंट में उपलब्ध है. Vida VX2 Go को 2.2kWh और 3.4kWh रिमूवेबल बैटरी विकल्पों के साथ खरीदा जा सकता है, जिनकी दावा की गई रेंज 93 किलोमीटर और 146 किलोमीटर है. वहीं Vida VX2 Plus में 3.4kWh और 4.4kWh रिमूवेबल बैटरी का विकल्प मिलता है, जो146 किलोमीटर और 187 किलोमीटर तक की IDC रेंज देने का दावा करते हैं. Plus वैरिएंट की टॉप स्पीड 90Kmph है और यह 3.1 सेकंड में 0 से 40Kmph की रफ्तार पकड़ सकता है.
Ola, TVS और Bajaj से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में Vida VX2 Go FB का सीधा मुकाबला Ola S1X, TVS iQube और Bajaj Chetak जैसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटरों से होगा. Fixed Battery और घरेलू सॉकेट से सीधे चार्जिंग की सुविधा के साथ Hero MotoCorp इस सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है.
इसके अलावा कंपनी अपने पोर्टफोलियो में Dirt.E K3 इलेक्ट्रिक ऑफ-रोड बाइक भी बेचती है, जिसे खासतौर पर युवाओं के लिए तैयार किया गया है. इसमें ऐप आधारित पैरेंटल कंट्रोल जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने का है प्लान? इस राज्य में 100% रोड टैक्स माफ, 30 लाख तक की EV पर फायदा





