खबर

CM योगी के ‘भैंस चराते’ को अखिलेश ने बताया गोपालकों पर टिप्पणी, कहा- ये भगवान कृष्ण का अपमान | akhilesh yadav attacks CM yogi adityanath over gopalak remark Lord Krishna controversy 2027 UP Election PDA politics



लखनऊ:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी कथित टिप्पणी को गोपालक समाज और भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बताया है. सोशल मीडिया पर जारी एक लंबे-चौड़े पोस्ट में अखिलेश ने अयोध्या, वाराणसी, अहिल्याबाई होल्कर, पाल समाज और सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा नेतृत्व 2024 और 2026 के चुनावी नतीजों से चिंतित है और 2027 में PDA की ताकत के सामने उसे पराजय का सामना करना पड़ेगा.

क्या है विवाद?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के बारे में अखिलेश यादव के बयान पर कहा था कि ‘पिछले दिनों मैं एक व्यक्ति का बयान सुन रहा था. वह उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कह रहा था. जबकि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री ही उत्तराखंड के थे. मैंने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते.’ अब भैंस चराने वाली टिप्पणी पर अखिलेश ने सीएम को घेरा है.

गोपालकों को लेकर टिप्पणी पर जताई नाराजगी

अखिलेश यादव ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गोपालकों को लेकर की गई कथित टिप्पणी केवल एक समाज का नहीं बल्कि भगवान श्रीकृष्ण का भी अपमान है. उन्होंने लिखा कि गोपालकों को अपशब्द कहकर प्रकारांतर में गोपाल अर्थात भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया गया है, जो अक्षम्य है.

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहले अयोध्या में भगवान राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे, चंदे और दान को लेकर उठे विवादों में घिरे लोगों को क्लीन चिट दे चुके हैं और अब भगवान कृष्ण को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं.

पाल समाज और अहिल्याबाई होल्कर का भी किया उल्लेख

सपा प्रमुख ने कहा कि सत्ता की राजनीति के चलते सामाजिक समूहों की उपेक्षा की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी में पाल समाज के लोगों पर लाठीचार्ज कराया गया था. अखिलेश ने यह भी कहा कि गड़रिया समुदाय से आने वाली राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की शिवलिंग लिए प्रतिमा का वाराणसी में सम्मान नहीं किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री न भगवान शिव के हैं, न भगवान राम और न ही भगवान कृष्ण के.

‘दुष्मुखी’ के बहाने साधा निशाना

अपने बयान में अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए एक अन्य राजनीतिक व्यक्ति का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब किसी दूसरे “दुष्मुखी” को बुलाया जा रहा है और दोनों नेताओं में कई समानताएं हैं. उन्होंने कहा कि दोनों की वेशभूषा, भाषा और भगवान राम तथा भगवान कृष्ण को लेकर रवैया एक जैसा है. अखिलेश ने दावा किया कि जनता अब इन नेताओं के प्रभाव को समाप्त मान चुकी है.

भाषा और आचरण पर उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की भाषा को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि सनातनी वस्त्र पहनकर निम्नस्तरीय भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने लिखा कि किसी संवैधानिक और धार्मिक पद पर बैठे व्यक्ति को सार्वजनिक मर्यादा और अपने पद की प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए. अखिलेश ने कहा कि हार का डर कई बार नेताओं को विचलित कर देता है और वे भाषाई मर्यादा की सीमाएं भूल जाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अतीत में कई मौकों पर पत्रकारों, शिक्षाविदों, अधिकारियों और आम लोगों के प्रति भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है.

2027 चुनाव और PDA का जिक्र

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में आगामी विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने दावा किया कि 2024 और 2026 के चुनाव परिणामों के बाद भाजपा नेतृत्व में बेचैनी बढ़ी है और यही वजह है कि बयानों की भाषा बदल रही है. उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव अब ‘5 प्रतिशत अहंकारियों, वर्चस्ववादियों और प्रभुत्ववादियों’ बनाम ’95 प्रतिशत PDA’ के बीच की लड़ाई बन गया है. सपा प्रमुख के अनुसार PDA गठबंधन का आधार पहले 85 प्रतिशत माना जाता था, लेकिन अब इसमें विभिन्न समाजों के पीड़ित, उपेक्षित और अपमानित वर्गों के जुड़ने से इसका दायरा बढ़कर 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें : ‘उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते…’, अखिलेश के ‘घुसपैठिया’ बयान पर CM योगी का पलटवार





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button