खबर

‘AI छीन लेगा करोड़ों नौकरियां…’, लेकिन भारत के लिए कैसे खुल सकते हैं रोजगार के दरवाजे? IBM CEO ने क्या बताया | ibm ceo arvind krishna ai could replace 20 percent global workforce create millions jobs india



आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आने वाले पांच साल में दुनिया की नौकरी की तस्वीर बदल सकता है. लाखों नहीं, करोड़ों व्हाइट-कॉलर नौकरियों का काम AI एजेंट संभाल सकते हैं. लेकिन इस बदलाव में भारत के लिए बड़ी उम्मीद भी छिपी है. IBM के चेयरमैन और CEO अरविंद कृष्णा का मानना है कि अगर भारत AI को कारोबार और उद्योगों में लागू करने की अपनी क्षमता बढ़ा ले, तो देश में करोड़ों लोगों के लिए नए रोजगार पैदा हो सकते हैं.

NDTV के CEO और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल को दिए एक खास इंटरव्यू में अरविंद कृष्णा ने कहा कि AI का असर सबसे ज्यादा दफ्तरों में होने वाली नौकरियों पर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि दुनिया की करीब 40% वर्कफोर्स व्हाइट-कॉलर जॉब्स में काम करती है और उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर अगले पांच साल में इनमें से आधे काम AI एजेंट करने लगें.

व्हाइट-कॉलर नौकरियों पर सबसे बड़ा असर

अरविंद कृष्णा के मुताबिक, AI का प्रभाव हर क्षेत्र पर एक जैसा नहीं होगा. होटल, लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और डिलीवरी जैसी फ्रंटलाइन नौकरियों में ऑटोमेशन की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रह सकती है, लेकिन ऑफिस से जुड़े कामों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

उन्होंने कहा कि ऐसे बदलाव के लिए सरकारों और समाज को अभी से तैयारी करनी होगी क्योंकि कई तरह के पारंपरिक काम AI द्वारा किए जाने लगेंगे.

नौकरी जाएंगी, लेकिन नई नौकरियां भी बनेंगी

हालांकि IBM CEO नहीं मानते कि AI के कारण कुल रोजगार में गिरावट आएगी. उनका कहना है कि जैसे-जैसे AI एजेंट बढ़ेंगे, वैसे-वैसे उन्हें बनाने, मॉनिटर करने, मेंटेन करने और उनकी विश्वसनीयता सुनिश्चित करने वाले लोगों की मांग भी बढ़ेगी. यानी नौकरियों का स्वरूप बदलेगा, लेकिन रोजगार पूरी तरह खत्म नहीं होंगे.

भारत के सामने बड़ा मौका

अरविंद कृष्णा का मानना है कि AI के दौर में भारत के सामने सबसे बड़ा अवसर मौजूद है. उनके मुताबिक भारत करोड़ों लोगों के लिए रोजगार पैदा कर सकता है, यदि वह AI को कंपनियों और उद्योगों में लागू करने की विशेषज्ञता विकसित कर ले.

उन्होंने कहा कि भारत को उन देशों की बराबरी करने में अपनी ऊर्जा ज्यादा खर्च नहीं करनी चाहिए जो सैकड़ों अरब डॉलर निवेश कर अत्याधुनिक AI मॉडल बना रहे हैं. इसके बजाय भारत को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि दुनिया में उपलब्ध AI तकनीकों का इस्तेमाल करके कारोबारों की असली समस्याओं का हल कैसे निकाला जाए.

IBM CEO का कहना है कि भारत की सबसे बड़ी ताकत AI मॉडल विकसित करने में नहीं बल्कि उन्हें अपनाने और लागू करने में हो सकती है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर भारतीय पेशेवरों को खरीद, कस्टमर सर्विस या एंटरप्राइज ऑपरेशंस की गहरी समझ है, तो वे ऐसे AI एजेंट तैयार कर सकते हैं जो वैश्विक कंपनियों के लिए ये काम संभालें. 

यानी AI का अगला बड़ा बाजार सिर्फ तकनीक बनाने का नहीं, बल्कि उसे कारोबार में उतारने का होगा.

किन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा?

अरविंद कृष्णा ने बताया कि वे नौकरियां सबसे ज्यादा जोखिम में होंगी जिनमें बार-बार दोहराए जाने वाले, तय नियमों पर आधारित और बेहद अनुमानित काम होते हैं. उन्होंने ऐसे कर्मचारियों को सलाह दी कि वे अपने कौशल को ह्यूमन कम्यूनिकेशन, समस्या समाधान, निर्णय क्षमता और सहानुभूति जैसे क्षेत्रों में मजबूत करें. ऐसे कौशल AI के लिए अभी भी चुनौती बने हुए हैं.

इंटरव्यू के दौरान अरविंद कृष्णा ने एक बड़ा दावा भी किया. उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में बहुत कम इंसान सीधे कोड लिखते दिखाई देंगे. यानी कोडिंग भी एआई ही कर देगा.

उनके मुताबिक AI एजेंट तेजी से कोड तैयार करेंगे, जबकि इंसानों की भूमिका यह तय करने में होगी कि सिस्टम से क्या काम करवाना है, नतीजों का मूल्यांकन कैसे करना है और यह सुनिश्चित कैसे करना है कि अंतिम उत्पाद सही और भरोसेमंद हो.

उन्होंने कहा कि भविष्य में केवल पारंपरिक प्रोग्रामिंग नहीं, बल्कि सिस्टम आर्किटेक्चर और इंजीनियरिंग की गहरी समझ ज्यादा अहम होगी.

IBM CEO ने चेतावनी दी कि AI के प्रसार के साथ गलत जानकारी और भ्रम फैलाने वाली सामग्री भी बढ़ सकती है. ऐसे में लोगों के लिए क्रिटिकल थिंकिंग यानी तथ्यों को परखने और विश्लेषण करने की क्षमता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी.

AI की असली परीक्षा क्या होगी?

अरविंद कृष्णा का मानना है कि AI की सफलता केवल डेटा सेंटर, चिप्स या बड़े-बड़े मॉडल बनाने से तय नहीं होगी. उन्होंने कहा कि असली सवाल यह है कि AI कारोबारों की उत्पादकता कितनी बढ़ाता है, नई आमदनी के कितने रास्ते खोलता है और आर्थिक विकास में कितना योगदान देता है.

उनके अनुसार सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, कस्टमर एक्सपीरियंस और एंटरप्राइज ऑपरेशंस ऐसे क्षेत्र हैं जहां AI पहले से वास्तविक फायदे दिखा रहा है. AI-सहायता प्राप्त कोडिंग से उत्पादकता 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ सकती है, जबकि ग्राहक सेवा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हो सकता है.

क्या एआई साबित हुआ बुलबुला या बड़ी क्रांति की दस्तक?

AI निवेश को लेकर उठ रहे सवालों पर अरविंद कृष्णा ने कहा कि यह संभव है कि कुछ निवेशकों को अपेक्षित रिटर्न न मिले, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि तकनीक विफल हो जाएगी.

उन्होंने अनुमान जताया कि मौजूदा निवेश का बड़ा हिस्सा अपने निवेशकों के लिए मूल्य पैदा करेगा, जबकि कुछ निवेशों से फायदा दूसरे खिलाड़ियों को मिल सकता है. उनका मानना है कि अंततः सबसे बड़े विजेता वे कंपनियां बनेंगी जो AI का इस्तेमाल करके वास्तविक समस्याओं का हल निकालेंगी, न कि केवल बुनियादी ढांचा खड़ा करेंगी.

अरविंद कृष्णा का अनुमान है कि अगले तीन से पांच वर्षों में AI के इस्तेमाल होने वाले करीब 80% टोकन ओपन-वेट मॉडल्स से आएंगे, जबकि प्रॉपराइटरी (मालिकाना) मॉडल्स की हिस्सेदारी करीब 20% रह सकती है.

यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष में पानी की बूंदों से एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने दिखाया साइंस का कमाल, बताया माइक्रोग्रैविटी का असर






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button