
जयपुर में सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे हेड कांस्टेबल की गिरफ्तारी हुई है. शहर की बिंदायका थाना पुलिस ने इस सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, जिसका मास्टरमाइंड हेड कांस्टेबल सुमेर सिंह निकला. उसे नागौर के लीलिया गांव से गिरफ्तार किया गया. जयपुर के बिंदायका इलाके में आरोपी किराए के एक मकान में रह रहा था. पुलिस ने 2 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, उनके जरिए सुमेर सिंह की जानकारी मिली. गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी.
2 युवकों को सट्टा लगवाते पकड़ा
डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 14 जुलाई को बिंदायका थाना पुलिस ने सिरसी रोड स्थित एक बिल्डिंग में दबिश दी थी. यहां से दो युवक मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप के जरिए जूम एप पर लाइव क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाते पकड़े गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील चौधरी और शक्ति सिंह के रूप में हुई है.

आरोपी सुनील चौधरी और शक्ति सिंह
सुनील जोधपुर का रहने वाला है और सिरसी रोड पर किराए के फ्लैट में रह रहा था, जबकि शक्ति सिंह डीडवाना-कुचामन जिले के खुनखुना गांव का निवासी है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुलिसकर्मी दोनों युवकों को हर महीने 20-20 हजार रुपए देकर सट्टेबाजी का कारोबार संचालित करवा रहा था.
कुछ दिनों से छुट्टी पर था आरोपी
नागौर जिले का रहने वाला सुमेर सिंह जयपुर रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात है. वह पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर था. साथ ही पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी सुमेर सिंह के ही निर्देश पर काम कर रहे थे. दोनों युवकों को सैलेरी के अलावा अन्य खर्च भी मिलता था.
यह भी पढ़ेंः घर की छत पर चल रही थी एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री, भारत-पाक बॉर्डर से महज 50 किमी दूर नशे के अड्डे पर पुलिस की रेड





