मध्य प्रदेश

Himachal: पुलिस बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के इंचार्ज विजय कुमार सस्पेंड, सोशल मीडिया से कमाई के आरोप


देश और विदेश में अपनी शानदार संगीत प्रस्तुतियों से पहचान बना चुके हिमाचल पुलिस के मशहूर बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित कर दिया गया है. हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं. आरोप है कि वह फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आय अर्जित कर रहे थे और इसके लिए उन्होंने विभाग से जरूरी अनुमति नहीं ली.

पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, विजय कुमार के सोशल मीडिया अकाउंट सक्रिय पाए गए. विभाग का कहना है कि इन प्लेटफॉर्मों से होने वाली आय और निजी म्यूजिक गतिविधियों को लेकर उनसे जानकारी और जरूरी दस्तावेज मांगे गए थे. उनसे यह भी पूछा गया था कि निजी म्यूजिक एल्बमों के निर्माण, प्रकाशन और प्रचार के लिए उन्होंने सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली थी या नहीं.

कुल्लू के श्री बिजली महादेव मंदिर पहुंचीं सांसद कंगना रनौत, पैदल चढ़ाई कर किए दर्शन

हालांकि, पुलिस का कहना है कि 3 जुलाई 2026 को विजय कुमार की ओर से दिए गए जवाब में आरोपों का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला और जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए.

गंभीर कदाचार मानते हुए हुई कार्रवाई

विभाग ने प्रथम दृष्टया इस मामले को गंभीर कदाचार और अनुशासनहीनता माना है. आदेश में कहा गया है कि उनका आचरण पंजाब पुलिस रूल्स के नियम 14.33 और हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 86 और 87 के प्रावधानों के विपरीत पाया गया है. इसी आधार पर सेंट्रल सिविल सर्विसेज (क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है.

मामले की जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर (एचपीएस) को सौंपी गई है. उन्हें 3 महीने के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस का कहना है कि आरोपों की गंभीरता और गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को देखते हुए विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय 1st HPAP बटालियन, जुंगा रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा.

‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ ने दिलाई थी राष्ट्रीय पहचान

‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ हिमाचल पुलिस का एक प्रतिष्ठित ऑर्केस्ट्रा बैंड है, जिसे पूर्व पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के कार्यकाल में विशेष प्रोत्साहन मिला था. इस बैंड ने देश के कई बड़े मंचों के साथ-साथ विदेशों में भी अपनी प्रस्तुतियों से हिमाचल पुलिस का नाम रोशन किया.

साल 2022 में यह बैंड उस समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था, जब निजी टीवी चैनल के लोकप्रिय टैलेंट शो ‘हुनरबाज’ में ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स हिमाचल पुलिस ऑर्केस्ट्रा’ ने तीसरा स्थान हासिल किया था. इसके बाद बैंड को पूरे देश में पहचान मिली और इसे हिमाचल पुलिस की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाने लगा.

शिमला में CM सुक्खू ने किया अत्याधुनिक 3-टेस्ला MRI का शुभारंभ, 5 अस्पतालों में बनेंगे ऑटोमेशन लैब

जांच रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति साफ

फिलहाल विजय कुमार के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो चुकी है और पुलिस मुख्यालय पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आरोप कितने सही हैं और आगे उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी. इस पूरे घटनाक्रम के बाद हिमाचल पुलिस महकमे में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button