
मध्य प्रदेश के रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ होने का आरोप लगाते हुए होटल पहुंचकर विरोध किया. घटना के दौरान होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
इस दौरान हुए विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है.
‘नरोत्तम मिश्रा की पहचान आतंक अन्याय और अत्याचार…’, दतिया उपचुनाव के बीच दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान
होटल पहुंची पत्नी, कमरे में देखकर भड़का गुस्सा
जानकारी के अनुसार, मामला समान थाना क्षेत्र के होटल पंगत के कमरा नंबर 108 का है. महिला का कहना है कि उसकी शादी 3 जुलाई 2025 को आकाश सिंह चौहान से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति उससे अलग रहने लगा और उससे संपर्क भी बंद कर दिया. महिला का दावा है कि सूचना मिलने पर वह होटल पहुंची, जहां उसने पति को दूसरी युवती के साथ पाया. इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई.
होटल से सड़क तक चला विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर होटल स्टाफ और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए. इस दौरान पत्नी ने पति के साथ मारपीट की और उसे होटल से बाहर ले आई. सड़क पर भी दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही. घटनास्थल पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
थाने पहुंचा मामला, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद दोनों पक्ष समान थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पति ने दावा किया कि उसे पत्नी से अपनी सुरक्षा को लेकर डर है, जबकि पत्नी ने पति पर विश्वासघात और दूसरी युवती के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया. एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की बात सुनी गई है.
अभी तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है. यदि शिकायत प्राप्त होती है और जांच में आरोपों की पुष्टि होती है, तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.