

नई दिल्ली:
हॉरर फिल्मों का नाम आते ही जाहिर है कि नजरों के सामने कुछ डरावने सीन्स घूम जाएं. दिल डर के मारे सहमने लगे और रहस्यों से भरी तस्वीरें जेहन में घूमने लगें. हॉरर मूवी देखने का ही थ्रिल लोगों को पसंद आता है. कुछ ऐसी फिल्में भी होती हैं जो दर्शकों को भरपूर डराती हैं और बॉक्स ऑफिस पर भी इतिहास रच देती हैं. एक ऐसी ही हॉलीवुड फिल्म ने रिलीज के बाद दुनिया भर में ऐसा तहलका मचाया कि टिकट खिड़की पर रिकॉर्ड टूटते चले गए. करोड़ों दर्शकों ने इसे सिनेमाघरों में देखा और इसकी कमाई ने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. आज भी इसे हॉरर जॉनर की सबसे कामयाब और खून जमा देने वाली फिल्मों में गिना जाता है और इसकी पॉपुलेरिटी बरकरार है.
दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर फिल्म
साल 2017 में रिलीज हुई ‘इट’ दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर फिल्म है. स्टीफन किंग के 1986 के मशहूर नॉवेल पर बेस्ड इस फिल्म का डायरेक्शन एंडी मुशिएटी ने किया था. फिल्म में बिल स्कार्सगार्ड ने खौफनाक जोकर पेनीवाइज का किरदार निभाया. जिसने दर्शकों को डराने में कोई कसर नहीं छोड़ी. फिल्म की कहानी सात बच्चों के एक ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमती है. जो एक रहस्यमय और डरावने शैतान का सामना करते हैं. डर के साथ-साथ फिल्म में दोस्ती, हिम्मत और भावनाओं की भी शानदार कहानी दिखाई गई है. यही वजह है कि यह सिर्फ डराने वाली फिल्म नहीं, बल्कि दर्शकों को आखिर तक बांधे रखने वाली बेहतरीन फिल्म बन गई.
‘इट’ ने दुनियाभर में 71.98 करोड़ डॉलर (लगभग रु. 6,200 करोड़) की कमाई की. इसी के साथ ये अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर फिल्म बन गई. रिलीज के समय इसने कई बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़े और इसे स्टीफन किंग किताबों पर बनी सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिना जाता है.
इन फिल्मों को भी छोड़ा पीछे
हॉरर फिल्मों की कमाई के मामले में ‘इट’ के बाद द सिक्स्थ सेंस दूसरे नंबर पर है. जिसने करीब 67.28 करोड़ डॉलर (लगभग रु. 5,800 करोड़) का कारोबार किया. तीसरे स्थान पर आई एम लेजेंड है. जिसकी कमाई लगभग 58.55 करोड़ डॉलर (करीब रु. 5,000 करोड़) रही. इसके बाद वर्ल्ड वॉर Z ने लगभग 4,650 करोड़, द कॉन्ज्यूरिंग: लास्ट राइट्स ने करीब 4,300 करोड़, जॉज ने लगभग 4,250 करोड़, इट चैप्टर टू ने करीब 4,070 करोड़, बीटलजूस बीटलजूस ने तकरीबन 3,900 करोड़, द ममी रिटर्न्स ने करीब 3,830 करोड़ और क्लासिक हॉरर फिल्म द एक्सॉर्सिस्ट ने लगभग 3,720 करोड़ की कमाई की.





