
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने जन्मदिन की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. अमरपाटन में जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे युवकों की तेज रफ्तार XUV कार नेशनल हाईवे 30 देहात थाना क्षेत्र के ग्राम रिगरा के पास चलते ट्रक के पीछे जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 6 युवक बुरी तरह फंस गए.
हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांच युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया , सूचना पर डॉयल 112 व हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से रेस्क्यू कर एक घायल युवक को ईलाज के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन लाया गया था,जहां से ईलाज बाद गंभीर घायल युवक को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया था.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद कार में फसे पांचों मृतक युवक को रेस्क्यू कर शवों को कार से बाहर निकाला गया.
एमपी गजब है! बिना इमारत बने इंदौर के इस अस्पताल में मिली नौकरियां, हुए ट्रांसफर
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैहर अस्पताल मर्चुरी भेजा गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर है.यह सभी हादसे में मृतक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन में शामिल होकर लौट रहे थे, सभी मृतक जनपद उपाध्यक्ष के साले बताए जा रहे हैं. वही मैहर जिले से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे मनीष पटेल के सभी मृतक व घायल भाई बताए जा रहे हैं.
