

Bihar News:
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार इन दिनों अलग-अलग जगहों पर स्वास्थ्य विभाग का दौरा कर रहे हैं. इस दौरान उन्हें कई खामियां भी नजर आई, जिस पर उन्होंने एक्शन लेने की बात कही थी. हाल ही में राजधानी पटना स्थित PMCH अस्पताल का दौरा किया था. 23 जून को किये गए इस दौरे में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पाया कि PMCH के प्राचार्य डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह गायब थे. बताया जा रहा है कि निशांत कुमार का आयोजन पहले से निर्धारित किया गया था. जिसके बाद भी डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह वहां नहीं पहुंचे और अपने निजी क्लीनिक पर मौजूद थे. इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कार्रवाई की बात कही थी.
अब इस मामले में निशांत कुमार ने कार्रवाई करते हुए डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह को PMCH के प्राचार्य पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह का अब बेतिया तबादला किया गया है. जबकि PMCH प्राचार्य के पद पर नई नियुक्ति की गई है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डॉ गीता सिन्हा को अगले आदेश तक के लिए PMCH प्राचार्य पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
स्वास्थ्य विभाग की जांच पर हुआ एक्शन
पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके पद के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग की जांच में पाया गया कि 23 जून 2026 को PMCH में आयोजित एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान वे बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे. विभाग के अनुसार, डॉ. सिंह ने न तो अवकाश का आवेदन दिया था और न ही किसी अन्य अधिकारी को प्रभार सौंपा था. कार्यक्रम के दौरान उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन भी रिसीव नहीं किया.
उनकी अनुपस्थिति के कारण कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी. सत्यापन के दौरान यह भी पाया गया कि कार्यालय अवधि में डॉ. सिंह अपने निजी क्लिनिक में मौजूद थे. जांच में उनके क्लिनिक के बाहर विभागीय सरकारी वाहन भी खड़ा मिला, जिसे सरकारी संसाधनों के निजी उपयोग के रूप में देखा गया.
अब डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, बेतिया में मनोरोग विभाग के प्राध्यापक पद पर पदस्थापित कर दिया गया है.
PMCH की नई प्राचार्य बनीं डॉ. गीता सिन्हा
स्वास्थ्य विभाग ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) की नई प्रभारी प्राचार्य के रूप में डॉ. गीता सिन्हा को नियुक्त किया है. वह वर्तमान में PMCH के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं. विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. गीता सिन्हा को अगले आदेश तक प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
नई प्रभारी प्राचार्य को संस्थान के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) की शक्तियां भी प्रदान की गई हैं. वहीं, पहले से प्राचार्य का कार्यभार संभाल रहे अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे जल्द से जल्द उन्हें प्रभार सौंपें. अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्राचार्य का प्रभार संभालने के बाद डॉ. गीता सिन्हा किसी विभागाध्यक्ष के अधीन नहीं रहेंगी. इस संबंध में पहले जारी कोई आदेश होने पर उसे आवश्यकतानुसार संशोधित माना जाएगा.
यह भी पढ़ेंः भरत तिवारी एनकाउंटर केस सम्राट सरकार के लिए बन गई राजनीतिक परीक्षा, कटघरे में अपराध के खिलाफ अभियान





