खबर

निर्जला एकादशी स्नान 2026: हरिद्वार जाने से पहले जरूर पढ़ें ट्रैफिक प्लान, उत्तराखंड पुलिस ने दी रूट से लेकर पार्किंग की पूरी जानकारी | Nirjala Ekadashi Snan Festival 2026 Uttarakhand Police issues traffic advisory check route and parking details



कल यानी 25 जून को निर्जला एकादशी है. इस मौके पर एकादशी स्नान के लिए हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तराखंड पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है. यह जानकारी उत्तराखंड पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी है. ऐसे में अगर आप स्नान पर्व के लिए हरिद्वार जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से ये ट्रैफिक प्लान जानकर निकलना फायदेमंद हो सकता है. इससे आप रास्ते में होने वाली किसी भी परेशानी से बच सकते हैं.

पुलिस के अनुसार,

  • अगर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, तो भारी वाहनों को राज्य के बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा.
  • नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैम्प पार्किंग/होर्ल्डिंग एरिया में लाया जाएगा, जहां से ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार धीरे-धीरे आगे जाने की अनुमति मिलेगी.
  • ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहनों के लिए चीला मार्ग का उपयोग केवल एग्जिट के लिए किया जाएगा.
  • वहीं, सामान्य ट्रैफिक की स्थिति में गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक मार्ग से वाहनों को हरिद्वार भेजा जाएगा.
  • टोल प्लाजा पर अधिक दबाव होने की स्थिति में नहर पटरी मार्ग को एग्जिट रूट के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा.

ये रहेंगे विशेष प्रतिबंध

  • ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहन, ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन प्रतिबंधित रहेगा.
  • 24 जून 2026 की रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा.
  • इसी समय से बसों, ट्रैक्टरों और बड़े यात्री वाहनों को हनुमान वाटिका होते हुए चमगादड़ टापू पार्किंग में खड़ा किया जाएगा.
  • वहीं, 25 जून को सुबह 3 बजे से दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैम्प पार्किंग भेजा जाएगा.
  • 24 जून की रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक देहरादून से आने वाले बड़े वाहन लालजीवाला पार्किंग में और नजीबाबाद से आने वाले बड़े वाहन नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में पार्क किए जाएंगे.

दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर-पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए

  • दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालु सामान्य स्थिति में नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंच सकेंगे. इनके लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई हैं.
  • अगर ट्रैफिक का दबाव अधिक हुआ तो वाहनों को नगला इमरती, लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और मातृसदन पुलिया मार्ग से डायवर्ट कर बैरागी कैम्प पार्किंग भेजा जाएगा.

दिल्ली/पंजाब/हरियाणा से आने वाले वाहनों का डायवर्जन

  • दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिजौली चौक, एनएच-344, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहण्ड होते हुए देहरादून और ऋषिकेश भेजा जाएगा.
  • नजीबाबाद जाने वाले वाहन नारसन, मंगलौर, नगला इमरती, लक्सर, बालावाली और बिजनौर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.
  • वहीं, देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली बसों को रामपुर तिराहा, देवबंद, कोलकी टोल, बिहारीगढ़ और मोहण्ड मार्ग से भेजा जाएगा.

मुरादाबाद/नजीबाबाद से आने वाले श्रद्धालु के लिए

छोटे वाहन नजीबाबाद से चिड़ियापुर, श्यामपुर,  चंडी चौकी और चंड़ी चौक के रास्ते होते हुए हरिद्वार पहुंच सकेंगे. इनके लिए दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई हैं.

श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सलाह

उत्तराखंड पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से तय पार्किंग का इस्तेमाल करने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. साथ ही कहा है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें, ताकि हरिद्वार में आपकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रहे.

यह भी पढ़ें- दिल्ली में खुल रहे ‘वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट’, पेंडिंग चालान का होगा निपटारा, जान लें डेट, टाइमिंग और लोकेशन
 






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button