खबर

योग करने वालों और जिम जाने वालों में कौन ज्यादा फिट? न्यूट्रिशनिस्ट से जानें फर्क | Gym vs Yoga, What’s Better for Fitness


आजकल फिट रहने के लिए लोग दो रास्तों को सबसे ज्यादा चुन रहे हैं, योग और जिम. कोई सुबह पार्क में योग करता नजर आता है तो कोई घंटों जिम में पसीना बहाता है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर योग करने वाले ज्यादा फिट होते हैं या जिम जाने वाले? न्यूट्रिशनिस्ट अंबिका दत्त  का कहना है कि इसका जवाब सिर्फ एक शब्द में नहीं दिया जा सकता. दोनों की अपनी-अपनी खासियत है और कौन ज्यादा फिट होगा. ये इस बात पर डिपेंड करता है कि व्यक्ति का टारगेट क्या है. आप वजन कम करना चाहते हैं, मसल्स बनाना चाहते हैं या मेंटल पीस चाहते हैं. योग और जिम दोनों अलग-अलग तरीके से आपकी मदद कर सकते हैं.

योग और जिम में सबसे बड़ा फर्क क्या है? | Yoga vs Gym

योग एक प्राचीन पद्धति है. जिसमें आसन, प्राणायाम और ध्यान के जरिए शरीर और मन के बीच बैलेंस बनाया जाता है. इसका फोकस सिर्फ शरीर को मजबूत बनाना नहीं, बल्कि मेंटल पीस, फ्लेक्सिबिलिटी और इंटरनल हेल्थ को बेहतर करना भी होता है. वहीं जिम में कार्डियो, वेट ट्रेनिंग, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और हाई इंटेंसिटी एक्सरसाइज के जरिए शरीर की ताकत बढ़ाई जाती है. इसका असर शरीर पर जल्दी दिखाई देता है, जैसे वजन कम होना, मसल्स बनना या बॉडी टोन होना.

वजन कम करने में कौन ज्यादा असरदार?

अगर आपका लक्ष्य जल्दी वजन कम करना है, तो जिम बेहतर विकल्प हो सकता है. जिम में की जाने वाली एक्सरसाइज ज्यादा कैलोरी बर्न करती हैं और मेटाबॉलिज्म को तेज करती हैं. हालांकि योग भी वजन कम करने में मदद करता है. लेकिन इसका तरीका अलग है. योग स्ट्रेस कम करता है, नींद सुधारता है और इमोशनल ईटिंग की आदत को काबू करता है.

मेंटल हेल्थ के लिए क्या बेहतर है?

इस मामले में योग को ज्यादा मार्क्स मिलते हैं. नियमित योग करने से तनाव, चिंता और ओवरथिंकिंग कम हो सकती है. ध्यान और सांस लेने की तकनीक मन को शांत करती हैं और इमोशनल बैलेंस बनाए रखने में मदद करती हैं.

शरीर में जल्दी बदलाव किससे दिखता है?

न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि अगर आप शरीर में जल्दी और दिखने वाला बदलाव चाहते हैं. जैसे मसल्स बनाना, बॉडी टोन करना या फैट कम करना, तो जिम के नतीजे जल्दी नजर आते हैं.

दूसरी ओर, योग के फायदे धीरे-धीरे दिखाई देते हैं. इससे शरीर का लचीलापन बढ़ता है, पोस्चर सुधरता है, सांस लेने की क्षमता बेहतर होती है और शरीर अंदर से मजबूत बनता है.

क्या योग और जिम को साथ किया जा सकता है?

न्यूट्रिशनिस्ट अंबिका का मानना है कि सबसे अच्छा विकल्प योग और जिम का बैलेंस बनाना है. अगर सप्ताह में तीन दिन जिम और दो से तीन दिन योग किया जाए तो शरीर और मन दोनों को फायदा मिल सकता है.

इसे भी पढ़ें: रीढ़ को मजबूत कर मन को शांत करता है सरल धनुरासन, जानें अभ्यास का सही तरीका

लेखक के बारे में

img

अनिता शर्मा

एसोसिएट एडिटर

अनिता शर्मा हिंदी की जानी-मानी हेल्थ जर्नलिस्ट्स में शुमार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है. साल 2006 में अपने…
और पढ़ें






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button