खबर

परिसीमन पर राजद सांसद के बयान से मची चर्चा, फिर दी सफाई; बोले- पंचायतों के परिसीमन की कर रहा था बात | RJD MP remarks on delimitation spark discussion later issues clarification 



राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव के एक बयान ने शुक्रवार को राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी. जहानाबाद से सांसद यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर कहा कि बढ़ती आबादी के कारण सरकार पर दबाव बढ़ रहा है और ऐसे में परिसीमन की जरूरत महसूस होती है. गया स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनके विचार से परिसीमन होना चाहिए क्योंकि जनसंख्या बढ़ने से प्रशासनिक और सरकारी व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है.

विपक्ष के रुख से अलग माने गए बयान

यादव के इस बयान को लेकर इसलिए भी चर्चा शुरू हो गई क्योंकि राजद ‘इंडिया’ गठबंधन का प्रमुख सहयोगी दल है. विपक्षी गठबंधन पहले ही संसद में परिसीमन विधेयक का विरोध कर चुका है और भविष्य में इस विषय पर नया कानून लाए जाने की स्थिति में भी विरोध की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में सांसद का बयान पार्टी के आधिकारिक रुख से अलग माना जाने लगा.

बाद में दी सफाई

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद राजद ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सुरेंद्र प्रसाद यादव का नया बयान साझा किया. इसमें उन्होंने साफ कहा कि वह लोकसभा या विधानसभा क्षेत्रों के नहीं बल्कि बिहार में होने वाले पंचायत चुनावों के लिए पंचायतों के परिसीमन की बात कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि मीडिया के एक वर्ग ने उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया है. साथ ही उन्होंने दोहराया कि परिसीमन के मुद्दे पर उनका रुख पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के रुख के अनुरूप ही है.

परिसीमन पर विपक्ष की आपत्ति

गौरतलब है कि विपक्षी दलों का आरोप है कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक लाभ के अनुरूप बदलाव करने की कोशिश कर सकता है. विपक्ष का यह भी दावा है कि इससे दक्षिण भारत के राज्यों की लोकसभा में हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है.

यह भी पढ़ें | रोहित पवार क्यों पड़े अलग-थलग? ट्रैक्टर मार्च से सुनेत्रा पवार विवाद तक, अपनों ने भी झाड़ा पल्ला

यह भी पढ़ें | ज्ञानेश कुमार के साथ राहुल भैया की फोटो; दिल्ली से MP कांग्रेस को फटकार, BJP ने कहा- दूध का दूध, पानी का पानी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button