

मुंबई:
देश के सबसे बड़े औद्योगिक घरानों में से एक टाटा ग्रुप में विवाद बढ़ता जा रहा है. बॉम्बे हाईकोर्ट मेंशुक्रवार (27 नवंबर) को हुई सुनवाई में टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग को टालने या उस पर रोक लगाने की मांग की है. टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में चेयरमैन के कास्टिंग वोट का ‘पूरी तरह गलत इस्तेमाल’ किया गया. उस मीटिंग में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने का फैसला लिया गया था. ट्रस्ट का आरोप है कि इस फैसले के लिए ट्रस्ट के नॉमिनी डायरेक्टर नोएल टाटा की सहमति नहीं थी, फिर भी कास्टिंग वोट से उसे पास कर दिया गया.
वीटो पावर vs कास्टिंग वोट, असली झगड़ा क्या है?
टाटा संस के नियमों के आर्टिकल 121 के हिसाब से, कोई भी बड़ा फैसला टाटा ट्रस्ट के नॉमिनी डायरेक्टर्स की सहमति के बिना नहीं हो सकता. इसे ट्रस्ट का वीटो पावर कहते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने साइरस मिस्त्री वाले फैसले में भी इसे सही ठहराया था. ट्रस्ट के वकील ने कोर्ट में कहा, “बोर्ड में ट्रस्ट के दो नॉमिनी डायरेक्टर हैं, इसलिए फैसला तभी होगा जब दोनों में से बहुमत यानी 1 से ज्यादा की सहमति हो.”
नोएल टाटा के वकील ने क्या कहा?
नोएल टाटा के वकील ने और भी सख्त बात कही. उन्होंने कहा कि आर्टिकल 121 के हिसाब से बोर्ड चेयरमैन ट्रस्ट के नॉमिनी के मामले में ”पूरी तरह बाहरी शख्स” हैं. उन्हें ट्रस्ट के नॉमिनी डायरेक्टर्स के बीच के मतभेद को सुलझाने का कोई हक नहीं है. वकील ने कहा, “अगर ऐसा ही चलता रहा तो चेयरमैन को कास्टिंग वोट नहीं, बल्कि कास्टिंग वीटो पावर मिल जाएगी. ये तो बेतुका है.”
यह भी पढ़ें | Tata ग्रुप में जंग तेज! बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई से पहले नोएल टाटा ने दाखिल किया केविएट
अब आगे क्या?
अब सबकी नजरें हाईकोर्ट के फैसले पर हैं. अगर कोर्ट ने 30 नवंबर की मीटिंग पर रोक लगा दी, तो चंद्रशेखरन की नियुक्ति का मामला और लंबा खिंच सकता है.





