
अनंत सिंह. मोकामा के विधायक. प्यार से लोग छोटे सरकार भी कहते हैं. बाहुबली का तमगा भी जुड़ा हुआ है. अनंत सिंह को मोकामा विधानसभा सीट पर जीत की गारंटी माना जाता है. निर्दलीय और वो भी जेल में रहते हुए अनंत सिंह चुनाव जीत चुके हैं. मगर, इसके बाद भी अनंत सिंह को बिहार से बाहर बहुत कम लोग जानते थे. मगर, आज दुनिया भर में लोग अनंत सिंह को जानते हैं. वजह है उनकी छोटी बेटी शिवांगी की शादी.
क्यों इस शादी की चर्चा
यूं तो अनंत सिंह की बड़ी बेटी राजनंदिनी सिंह की शादी भी खूब भव्य हुई थी, मगर तब उस शादी को उतनी सुर्खियां नहीं मिलीं थीं. वजह अनंत सिंह ने उस शादी को पूरी तरह पारिवारिक रखा था. हालांकि, तब भी घुड़दौड़ से लेकर सितारों के प्रोग्राम से लेकर भव्य आयोजन हुए थे. मगर इस बार छोटी बेटी की शादी में अनंत सिंह ने पूरी दुनिया को आमंत्रण दे दिया. जितना हो सका शादी के कार्ड बांटे या बंटवाए. जहां नहीं पहुंच सके तो फोन कर आमंत्रण दिया. राह चलते जो शादी के बारे में पूछता उसको भी शादी में आने का न्योता भेज देते. जब इससे भी उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने सार्वजनिक रूप से कह दिया-‘मेरी बेटी की शादी है, सिनेमा नहीं कि टिकट लगेगा और कार्ड देखकर एंट्री मिलेगा, जो भी आना चाहता है आए स्वागत है.’

मेहंदी रस्म के दौरान अपने भाई के साथ शिवांगी सिंह.
इंटरनेशनल मीडिया में कवरेज
इस बात ने उन सभी लोगों के मन से हिचक निकाल दिया जो अनंत सिंह की बेटी की शादी में जाना या कम से कम देखना चाहते थे, मगर जान-पहचान नहीं होने या कार्ड नहीं मिलने के संकोच के कारण जाने का मन नहीं बना पा रहे थे. अनंत सिंह की ये घोषणा सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. रिपोर्टर बार-बार अनंत सिंह से पूछते कि सभी लोगों के आने पर आपत्ति तो नहीं है, और हर बार अनंत सिंह वही दोहराते कि सभी लोग आइए. सब आमंत्रित हैं. यही कारण रहा कि अनंत सिंह ने बढ़-चढ़कर इंतजाम किए. उन्हें अनुमान हो चला था कि लाखों लोगों की भीड़ जुटेगी. ऐसे में खाने-पीने का सामान ट्रकों में भर-भरकर मंगाया जाने लगा. अब शादी के बारे में इंटरनेशनल मीडिया में भी खूब कवरेज है.
खाड़ी देशों में क्या चर्चा
खाड़ी देशों के सबसे बड़े न्यूज आउटलेट अल-जजीरा ने इस पर एक वीडियो स्टोरी की है. वीडियो की हेडिंग है-‘हत्या के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय राजनेता ने 400,000 मेहमानों के लिए शादी का आयोजन किया.’ इस वीडियो में अनंत सिंह का शादी के दिन सजा हुआ घर, घर तक आने वाली सड़क पर हजारों गाड़ियों का काफिला, खाने के लिए छीनाझपटी करते लोग, घुड़दौड़ देखने के लिए पेड़ों और बिजली के पोल पर चढ़े लोग और लाखों की संख्या में शादी में मौजूद लोगों को दिखाया गया है. साथ ही अनंत सिंह की शादी में एंट्री को भी दिखाया गया है. साथ में वीडियो के बारे में लिखा गया है-‘भारत के सबसे गरीब राज्य बिहार में, राजनेता अनंत सिंह की बेटी की भव्य शादी में लगभग 400,000 लोग शामिल हुए. शादी की एक झलक पाने के लिए लोग बिजली के खंभों पर चढ़ गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. अनंत सिंह पर हत्या के आरोपों सहित दर्जनों आपराधिक मामले चल रहे हैं.’

घुड़दौड़ देखने के लिए लोग पेड़ों और खंभों पर चढ़ गए.
कनाडा में भी अनंत सिंह
कनाडा के एक बड़े न्यूज चैनल और वेबसाइट ने भी इस शादी को कवर किया है. उसने लिखा-भारत के सबसे गरीब राज्य में एक राजनेता द्वारा आयोजित शादी में लगभग 400,000 मेहमान शामिल हुए. इस वजह से सड़कें पूरी तरह जाम हो गईं और लोग इस भव्य आयोजन की एक झलक पाने के लिए बिजली के खंभों पर चढ़ गए. छह बार विधायक रहे अनंत सिंह – जिन पर हत्या सहित दर्जनों आपराधिक मामले चल रहे हैं – ने बुधवार को पूर्वी राज्य बिहार में अपनी बेटी की शादी के लिए ग्रामीणों, राजनीतिक सहयोगियों और वीआईपी लोगों को आमंत्रित किया था. यह आयोजन इतना विशाल था कि भारत की उन मशहूर और भव्य शादियों के पैमाने पर भी, जो कई दिनों तक चलती हैं, यह हैरान कर देने वाला था. सिंह के करीबी मुन्ना सिंह ने एएफपी को बताया कि मेहमानों के लिए पारंपरिक मिठाइयों के 5 लाख पीस परोसे गए और 500 रसोइयों की एक बड़ी टीम ने उनके लिए शाकाहारी दावत तैयार की थी. साफ है दुनिया भर की खबरें कवर करने वाली न्यूज एजेंसी एएफपी ने भी इस खबर को कवर किया. इस एजेंसी की खबरें दुनिया भर के न्यूज चैनल्स और वेबसाइट्स अपने यहां लगाते हैं.
अमेरिका में भी अनंत सिंह के चर्चे
बीबीसी ने भी कवर किया
ब्रिटिश न्यूज चैनल और वेबसाइट बीबीसी ने भी इसे प्रमुखता से कवर किया. बीबीसी ने लिखा- उत्तरी भारत के राज्य बिहार में एक राजनेता की बेटी की भव्य शादी चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि देश के सबसे गरीब राज्यों में से एक में इतने बड़े पैमाने पर जश्न मनाया गया. राज्य विधानसभा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी, कई दिनों तक चले शानदार जश्न के बाद बुधवार को संपन्न हुई. इस जश्न में घुड़दौड़ का आयोजन भी शामिल था. बुधवार को राज्य की राजधानी पटना से लगभग 65 किलोमीटर (40.4 मील) दूर, लदमा गांव में स्थित परिवार के पैतृक घर पर आयोजित इस समारोह में लाखों लोग शामिल हुए. इनमें राज्य विधानसभा के अध्यक्ष के साथ-साथ कई प्रमुख स्थानीय और राष्ट्रीय राजनेता भी मौजूद थे.
पाकिस्तान ने बताया भव्य शादी
पाकिस्तान के बड़े न्यूज चैनल और वेबसाइट में से एक डॉन ने लिखा- छह बार विधायक रह चुके अनंत सिंह, जिन पर हत्या के आरोपों सहित दर्जनों आपराधिक मामले चल रहे हैं, ने बुधवार को पूर्वी राज्य बिहार में अपनी बेटी की शादी में ग्रामीणों, राजनीतिक सहयोगियों और वीआईपी लोगों को आमंत्रित किया. यह आयोजन इतना भव्य था कि भारत की उन मशहूर और कई दिनों तक चलने वाली खर्चीली शादियों के पैमाने से भी कहीं आगे निकल गया. अनंत सिंह के करीबी मुन्ना सिंह ने बताया कि मेहमानों के लिए 5 लाख पारंपरिक मिठाइयां परोसी गईं और 500 रसोइयों की एक बड़ी टीम ने उनके लिए शाकाहारी दावत तैयार की. अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में हुए इस आयोजन में इतनी भारी भीड़ उमड़ी कि कार्यक्रम स्थल तक जाने वाली सड़कें पूरी तरह जाम हो गईं.
यह भी पढ़ें | अनंत सिंह की बेटी की शादी: तेज प्रताप यादव ने खर्च पर उठाए सवाल, जांच की मांग की
यह भी पढ़ें | अनंत सिंह की बेटी की शादी में हुई घुड़दौड़ का फाइनल अभी बाकी, इन 6 घोड़े मालिकों में से किसी एक को मिलेगी THAR





