खबर

सीबीआई ने केसीसी लोन फ्रॉड केस में 21 साल से फरार आरोपी को किया गिरफ्तार | kcc loan fraud cbi arrests accused after 21 years



नई दिल्ली. सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन फ्रॉड मामले में 21 साल से फरार चल रहे आरोपी कंवर लाल लखोटिया को गिरफ्तार कर लिया है. कंवर लाल लखोटिया लगभग 2.08 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में 21 वर्षों से अधिक समय से फरार था. यह मामला स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर (एसबीबीजे), जिला बीकानेर, राजस्थान की झालू शाखा में 99 किसान क्रेडिट कार्ड ऋणों को कथित रूप से गलत तरीके से मंजूरी देने और वितरित करने से जुड़ा है.

फरारी के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए राजकुमार माहेश्वरी नाम का इस्तेमाल किया. साथ ही, उसने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने के लिए फर्जी पहचान संबंधी दस्तावेजों का भी उपयोग किया. इंटेलिजेंस इनपुट और लगातार प्रयासों के आधार पर सीबीआई की एक टीम ने गुरुवार को गुजरात के सूरत में आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया.

चीन मानव तस्करी मामले में भी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि एक दिन पहले, बुधवार को भी सीबीआई ने चीन में मानव तस्करी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया था. एक आधिकारिक बयान में सीबीआई ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बड़ौत स्थित बिनौली रोड क्षेत्र से घोषित अपराधी कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर को गिरफ्तार किया गया. यह गिरफ्तारी चीन में मानव तस्करी से जुड़े एक मामले में की गई है.

नौकरी का झांसा देकर चीन भेजने का आरोप

सीबीआई के अनुसार, इस मामले को 7 जुलाई 2017 को एक शिकायत के आधार पर रोशन फर्नांडो, कुलदीप कपूर और अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया था. आरोप है कि इन लोगों ने धोखाधड़ी और बेईमानी से एक महिला को चीन में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था. पीड़िता ने इस सिलसिले में आरोपियों को किश्तों में कुल 1 लाख रुपये का भुगतान किया था. इसके बाद उसे कुछ अन्य लोगों के साथ चीन भेज दिया गया. वहां उसने एक मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में काम किया, लेकिन 14 मार्च 2017 को चीनी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. बाद में चीन स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों की मदद से पीड़िता और अन्य लोगों को भारत वापस लाया गया. चूंकि महिला नेपाल की नागरिक थी, इसलिए उसे 13 अप्रैल 2017 को काठमांडू भेज दिया गया.

अदालत ने घोषित किया था अपराधी

जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 30 सितंबर 2019 को नई दिल्ली स्थित एसीजेएम, आरएडीसी अदालत में रोशन फर्नांडो और कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था. यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है. कानूनी कार्यवाही से बचने और लंबे समय तक फरार रहने के कारण अदालत ने 19 जनवरी 2023 को कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर को ‘घोषित अपराधी’ करार दिया था. अब सीबीआई ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. 

यह भी पढ़ें | 18 साल से फरार हत्या का आरोपी UAE में छिपा था, इंटरपोल रेड नोटिस के बाद भारत लाया गया




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button