

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत फिलहाल ठंडी पड़ती नजर आ रही है. सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच अगली औपचारिक बैठक अब संसद के विशेष सत्र के बाद ही होने की संभावना है. ऐसे में 3 दिसंबर से पहले सीट शेयरिंग पर किसी बड़े फैसले के आसार कम बताए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि 24 नवंबर को सीट शेयरिंग कमेटी की दूसरी बैठक के बाद दोनों पक्षों ने दो दिन के भीतर फिर से बातचीत करने की बात कही थी. हालांकि उसी शाम समाजवादी पार्टी द्वारा पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा के बाद दोनों दलों के बीच तनाव बढ़ गया. 29 नवंबर को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा की बेटी की इंगेजमेंट है. 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र चलेगा.
इसके बाद कांग्रेस और सपा नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई. यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी के रवैये पर सवाल उठाए, जबकि सपा नेताओं ने भी इसका जवाब दिया. माना जा रहा है कि इसी वजह से सीट बंटवारे पर आगे की बातचीत फिलहाल टल गई है. कांग्रेस की कमिटी में से इमरान मसूद और सपा की कमिटी में रामगोपाल यादव, राजीव राय, इकरा हसन, अवधेश प्रसाद संसद सदस्य हैं.
सूत्रों के अनुसार, अब दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद ही बातचीत आगे बढ़ सकेगी. राजनीतिक हलकों में इस बात पर नजर है कि संसद के विशेष सत्र के दौरान राहुल गांधी और अखिलेश यादव की संभावित मुलाकात गठबंधन में पैदा हुई खटास को दूर कर सकती है.
इधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की सलाह दी है. उन्होंने गठबंधन सहयोगियों से अहंकार छोड़कर विपक्षी एकता को मजबूत करने की अपील की है.
सूत्रों के मुताबिक, सीट शेयरिंग की दूसरी बैठक में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया था, जबकि कांग्रेस ने करीब 110 सीटों की नई मांग सूची सौंपी थी. दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर बड़ा अंतर अब भी बना हुआ है.
अब राजनीतिक नजरें संसद सत्र के दौरान होने वाली संभावित राहुल-अखिलेश मुलाकात पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि वहीं से तय होगा कि गठबंधन की गांठ सुलझती है या सीट बंटवारे का विवाद और लंबा खिंचता है.





