खबर

दुश्मन के ड्रोन झुंडों का काल बनेगा ‘भार्गवास्त्र’, पोखरण में सफल परीक्षण, इसे देख कांपेगा दुश्मन! | India Successfully Tests Indigenous Counter-Swarm Drone System Bhargavastra at Pokhran



भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को बड़ी मजबूती देते हुए सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने अपने वाहन-आधारित काउंटर-स्वार्म ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ के सफल विकास परीक्षण पूरे कर लिए हैं. 20 से 24 नवंबर के बीच राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में इस प्रणाली का परीक्षण किया गया.

‘भार्गवास्त्र’ भारत का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित दो-स्तरीय वाहन-आधारित काउंटर-स्वार्म ड्रोन सिस्टम (VMCSDS) है. इसे दुश्मन के ड्रोन झुंडों यानी स्वार्म ड्रोन से निपटने के लिए तैयार किया गया है. यह एयर डिफेंस रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों को एकीकृत कर एक ही प्लेटफॉर्म पर प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है.

भारतीय सेना की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया विकसित

रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग ने 9 जुलाई 2024 को ‘मेक-II (बाय इंडियन-IDDM)’ श्रेणी के तहत VMCSDS विकसित करने का प्रोजेक्ट स्वीकृत किया था. इसकी निर्धारित पूर्णता तिथि 31 मार्च 2027 है. शुरुआती आवश्यकता रॉकेट आधारित ‘वर्जन-1’ की थी, लेकिन SDAL ने अपने स्तर पर गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों वाला उन्नत ‘वर्जन-2’ भी विकसित कर लिया है.

इन माइक्रो-मिसाइलों में ऑटोनॉमस गाइडेंस सिस्टम और इन्फ्रारेड सीकर लगाया गया है, जिससे वे सटीकता के साथ लक्ष्य को भेद सकती हैं.

कैसे काम करता है ‘भार्गवास्त्र’?

यह प्रणाली कई उन्नत सेंसर और हथियार प्रणालियों को एक साथ जोड़ती है. RF डिटेक्टर और सर्विलांस रडार ड्रोन का पता लगाते हैं. इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम दिन और रात दोनों समय लक्ष्य की निगरानी करता है. इसके अलावा AI-आधारित C4I सिस्टम सेंसर, ट्रैकिंग और हथियारों के इस्तेमाल का समन्वय करता है. वर्जन-1 में 64-ट्यूब रॉकेट लॉन्चर लगाए गए हैं. वर्जन-2 में 64 माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर हैं.

यह पूरा सिस्टम सेना के तीन वाहनों पर तैनात किया गया है, जिनमें लॉन्चर, सेंसर और कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम शामिल हैं.

पोखरण में सफल रहा परीक्षण

विकास परीक्षणों के दौरान रॉकेट और माइक्रो-मिसाइलों की कई सफल फायरिंग की गई. सिस्टम के सेंसर और C4I नेटवर्क द्वारा पहचाने गए ड्रोन लक्ष्यों पर रॉकेट दागे गए और वॉरहेड ने तय लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया. अलग-अलग परीक्षणों में माइक्रो-मिसाइलों की गाइडेंस और टर्मिनल होमिंग क्षमता का भी सफल प्रदर्शन किया गया. कंपनी का कहना है कि आगे और परीक्षणों के जरिए इसकी मारक क्षमता और लक्ष्य भेदन क्षमता को और बेहतर बनाया जाएगा.

पूरी तरह स्वदेशी तकनीक

‘भार्गवास्त्र’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्वदेशी प्रकृति है. सिस्टम का सॉफ्टवेयर, एयर डिफेंस रॉकेट, गाइडेड माइक्रो-मिसाइल और अन्य प्रमुख तकनीकें भारत में ही विकसित की गई हैं. इनके सभी बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) SDAL के पास हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि ड्रोन युद्ध के बढ़ते खतरे के बीच ‘भार्गवास्त्र’ भारतीय सशस्त्र बलों को दुश्मन के स्वार्म ड्रोन हमलों से निपटने की महत्वपूर्ण क्षमता प्रदान कर सकता है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button