खबर

दार्जिलिंग चाय को ग्लोबल ब्रांड बनाने की तैयारी, पीयूष गोयल ने लॉन्च किया बड़ा एक्सपोर्ट मिशन | Piyush Goyal Announces Global Promotion Mission for Darjeeling Tea to Boost Exports and Brand Value



केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दार्जिलिंग चाय को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए बड़े अभियान की घोषणा की है. पश्चिम बंगाल के कर्सिओंग में चाय उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ‘एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन’ के तहत दार्जिलिंग चाय के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का मार्केटिंग अभियान शुरू करेगी, ताकि चाय निर्यात बढ़े और उत्पादकों को बेहतर कीमत मिल सके.

पीयूष गोयल ने कहा कि चाय निर्यातकों को देश के भीतर बंदरगाहों तक माल पहुंचाने में आने वाली ऊंची परिवहन लागत का सामना करना पड़ता है. इसे देखते हुए सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिससे निर्यातकों को इनलैंड फ्रेट लागत में राहत मिल सके और भारतीय चाय की वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़े.

अपने दौरे के दौरान गोयल ने 1852 में स्थापित ऐतिहासिक मकाईबारी टी एस्टेट का भी दौरा किया. उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग चाय भारत की समृद्ध विरासत का हिस्सा है और इसे दुनिया भर में और मजबूत पहचान दिलाने की जरूरत है. उन्होंने चाय उद्योग के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर दार्जिलिंग चाय के उत्पादन, निर्यात, गुणवत्ता सुधार और बाजार विस्तार से जुड़े सुझाव भी लिए.

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में गोयल ने बताया कि सरकार चाय नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दार्जिलिंग GI टैग के दुरुपयोग पर रोक और टी बोर्ड की कार्यप्रणाली में सुधार जैसे मुद्दों पर भी काम कर रही है. उनका कहना था कि सस्ती आयातित चाय को दार्जिलिंग चाय के नाम पर बेचने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी.

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में ब्लैक टी का सबसे बड़ा उत्पादक और चाय का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश है. सरकार अनुसंधान संस्थानों को मजबूत कर चाय की गुणवत्ता बढ़ाने, चाय बागानों के पुनरुद्धार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को भी बढ़ावा देना चाहती है.

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब 8,718 करोड़ रुपये की चाय का निर्यात किया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग 16 प्रतिशत अधिक है। केंद्र सरकार का मानना है कि नए एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन से खासकर दार्जिलिंग चाय के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार और मजबूत होगा.

पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री चाय श्रमिक प्रोत्साहन योजना (PMCSPY) का भी उल्लेख किया. 1,000 करोड़ रुपये की इस योजना का उद्देश्य असम और पश्चिम बंगाल के 1,200 से अधिक चाय बागानों में काम करने वाले 10 लाख से ज्यादा श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन स्तर, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करना है.

उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग चाय केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि भारत की पहचान है. सरकार का लक्ष्य इसकी ऐतिहासिक प्रतिष्ठा को फिर से मजबूत करना और इसे वैश्विक प्रीमियम ब्रांड के रूप में स्थापित करना है.

यह भी पढ़ें | India-US ट्रेड डील पर बड़ी खबर, दिल्ली में अमेरिकी टीम के साथ हुई बैठक, भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाने की मांग






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button