खबर

लुधियाना में गुरु नानक जयंती पर लगा पेट्रोल-डीजल का अनोखा लंगर, मुफ्त तेल भरवाने के लिए उमड़ी भारी भीड़ | Ludhiana unique langar petrol and diesel organized mark occasion Guru Nanak birth anniversary



पंजाब के लुधियाना में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर एक अनोखा लंगर चर्चा का विषय बन गया. जहां आमतौर पर गुरुपर्व पर भोजन और जल सेवा के आयोजन होते हैं, वहीं इस बार लोगों को मुफ्त पेट्रोल और डीजल बांटा गया. शहर के ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर आयोजित इस सेवा का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक पहुंचे और देखते ही देखते वहां वाहनों की लंबी कतार लग गई.

दसवंध की कमाई से कराया मुफ्त पेट्रोल-डीजल वितरण

इस सेवा का आयोजन शहर के निवासी पंकज कुमार ने किया. उन्होंने बताया कि हर साल वह अपनी कमाई के दसवंध से सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्य करते हैं. इस बार उन्होंने करीब 50 से 60 हजार रुपये की राशि से पेट्रोल और डीजल का लंगर लगाने का फैसला किया. शुरुआत में यह सेवा केवल एक घंटे के लिए रखी गई थी, लेकिन लोगों की भारी भीड़ और उत्साह को देखते हुए इसे बढ़ाकर करीब डेढ़ से दो घंटे तक जारी रखा गया.

बजट बचा तो फिर शुरू करवा दी सेवा

दिलचस्प बात यह रही कि लगातार मुफ्त ईंधन वितरण के बाद जब हिसाब किया गया तो तय बजट में से कुछ राशि अभी बची हुई थी. इसके बाद पंकज कुमार ने सेवा दोबारा शुरू करवाने का फैसला किया और बची हुई रकम का भी लोगों को मुफ्त पेट्रोल और डीजल भरवाया गया.

’20 रुपए के सच्चे सौदे’ से मिली प्रेरणा

पंकज कुमार ने कहा कि यह सेवा श्री गुरु नानक देव जी के “20 रुपए के सच्चे सौदे” की परंपरा से प्रेरित है. उनका मानना है कि सेवा का यह संदेश आज भी लोगों को समाज के लिए कुछ अच्छा करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि गुरुपर्व के अवसर पर सभी प्रेम और भाईचारे के साथ रहें, गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकें और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें.

पंप मालिक ने की सराहना

पेट्रोल पंप के मालिक अज्जू ने इस पहल की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि आज के समय में अपनी जेब से पैसा खर्च कर लोगों की मदद करना बड़ी बात है. उनके अनुसार, यह इंसानियत और सेवा भावना की एक शानदार मिसाल है. उन्होंने पंकज कुमार और उनके परिवार के सुखद, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना भी की.

यह भी पढ़ें | AAP सरपंच के पति पर दिनदहाड़े फायरिंग, नशा तस्करों का विरोध करने की कीमत चुकाने का आरोप





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button