खबर

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में चोरी; गोल्ड पास खरीदकर दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे बदमाश; 11 फोन के साथ अरेस्ट | diljit dosanjh AURA India Tour concert ahmedabad Narendra Modi Stadium mobile theft delhi gang gold pass Stolen iPhone samsung fold


अहमदाबाद:

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के AURA इंडिया टूर कॉन्सर्ट में जहां हजारों लोग संगीत का आनंद लेने पहुंचे थे, वहीं दिल्ली से आया एक गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने की फिराक में था. आरोपियों ने अहमदाबाद पहुंचने के लिए करीब 20 हजार रुपये खर्च किए और कार्यक्रम में प्रवेश पाने के लिए गोल्ड स्टैंडिंग पास तक खरीदे. हालांकि कॉन्सर्ट खत्म होने से पहले ही पुलिस को उनके करतूतों की सूचना मिल गई. सघन निगरानी के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

खुफिया सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस, भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) जोन-2 को सूचना मिली थी कि दिल्ली से आए कुछ जेबकतरे दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी करने का प्लान बना रहे हैं. सूचना मिलने के बाद एलसीबी और मोटेरा पुलिस की टीमों ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आसपास निगरानी बढ़ा दी. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही दर्शकों की भीड़ बाहर निकलने लगी, संदिग्धों पर नजर रखी गई.

मोबाइल चोर गिरफ्तार

मोबाइल चोर गिरफ्तार
Photo Credit: NDTV

वहीं जब भीड़ बाहर आ रही थी तभी पुलिस को देखते ही दो संदिग्धों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय मोहम्मद असद मोहम्मद गुलजार निवासी काला महल, दरियागंज और 24 वर्षीय अशरफ हुसैन नूर हुसैन इदरीशी निवासी चांदबाग, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है.

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशेष रूप से मोबाइल चोरी करने के उद्देश्य से दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे थे.

आईफोन, सैमसंग फोल्ड समेत 4.30 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 4.30 लाख रुपये बताई गई है. बरामद फोन में कई महंगे मॉडल शामिल हैं, जिनमें iPhone 17 Pro Max, iPhone 16, iPhone 14, Samsung Fold 8 Ultra, OnePlus, Nothing और Redmi कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं. जांच में पुलिस को पता चला कि बरामद मोबाइल मोटेरा थाने में दर्ज चोरी के कम से कम छह मामलों से जुड़े हो सकते हैं. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) के तहत दर्ज प्रकरणों की भी जांच की जा रही है.

महंगे फोन को बनाया निशाना

महंगे फोन को बनाया निशाना
Photo Credit: NDTV

गोल्ड पास लेकर पहुंचे थे कॉन्सर्ट में, दो आरोपी अब भी फरार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने स्टेडियम में प्रवेश के लिए महंगे गोल्ड स्टैंडिंग पास खरीदे थे. उनका मकसद म्यूजिक प्रोग्राम का आनंद लेना नहीं बल्कि भारी भीड़ के बीच महंगे मोबाइल फोन चोरी करना था. यही वजह थी कि उन्होंने यात्रा और टिकट पर हजारों रुपये खर्च किए थे. पुलिस का कहना है कि यह गिरोह चार लोगों का था. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही हैं. आशंका है कि उनके पास से और भी चोरी के मोबाइल बरामद हो सकते हैं. प्रारंभिक कार्रवाई पूरी होने के बाद एलसीबी जोन-2 की टीम ने गिरफ्तार आरोपियों और बरामद मोबाइल फोन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मोटेरा पुलिस को सौंप दिया है.

यह भी पढ़ें :VIDEO: अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले जंगल सफारी पर निकले दिलजीत दोसांझ, गिर नेशनल पार्क में शेरों के बीच घूमते आए नजर




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button