खबर

दिल्ली-नोएडा वालों के लिए ट्रैफिक अलर्ट, यशोभूमि और इंडिया एक्सपो मार्ट के आसपास लग सकता है लंबा जाम | Delhi-NCR Traffic Alert Congestion Expected Near Yashobhoomi and India Expo Mart Due to Major Events



दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को कहा कि ‘सीपीएचआई इंडिया 2026′ प्रदर्शनी के मद्देनजर बुधवार तक दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में यशोभूमि के आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक जाम रहने की आशंका है. इस आयोजन में प्रतिदिन लगभग 8,000 से 10,000 आगंतुकों के शामिल होने के आसार हैं. यह प्रदर्शनी द्वारका के सेक्टर-25 स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में सुबह 10 बजे से शाम छह बजे के बीच आयोजित की जाएगी.

ट्रैफक पुलिस ने IGI एयरपोर्ट और महिपालपुर से नजफगढ़ तथा द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भरथल फ्लाईओवर का उपयोग करने और भरथल चौक गोलचक्कर से बचने की सलाह दी है. इसी तरह, नजफगढ़ और द्वारका से आईजीआई हवाई अड्डे तथा द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले यात्रियों को भरथल फ्लाईओवर का उपयोग करने और भरथल चौक गोलचक्कर से बचने की सलाह दी गई है..

वाहन चालकों को यह भी सलाह दी गई है कि वे यशोभूमि और आसपास की सड़कों पर जाम से बचने के लिए जहां तक संभव हो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और आयोजन के दौरान प्रदर्शनी स्थल की ओर अनावश्यक यात्रा करने से बचें.

नोएडा में ट्रैफिक अलर्ट

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 24 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले पी-एमईसी इंडिया 2026 कार्यक्रम को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. इस तीन दिवसीय आयोजन में करीब 15 हजार आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने वाहनों के आवागमन, पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों की विस्तृत योजना तैयार की है.

कार्यक्रम के दौरान एक्सपो मार्ट के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए जरूरत पड़ने पर डायवर्जन भी लागू किया जाएगा. एडवाइडरी के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से एक्सपो मार्ट आने वाले वाहन गलगोटिया कट से उतरकर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर पर बनाई गई पार्किंग में पहुंचेंगे. यहां वाहन खड़े करने के बाद आगंतुक पैदल मार्ग से एक्सपो मार्ट के गेट नंबर एक, दो, तीन और चार से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर सकेंगे. इस पार्किंग में करीब 10 हजार हल्के वाहनों और 200 बसों को खड़ा करने की क्षमता निर्धारित की गई है.

वहीं, सूरजपुर और परी चौक की ओर से आने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर से शारदा गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर पार्किंग में पहुंचेंगे. यहां से भी आगंतुकों को पैदल ही एक्सपो मार्ट के निर्धारित प्रवेश द्वारों तक जाना होगा. इसके अलावा नॉलेज पार्क और परी चौक मेट्रो स्टेशन से आने वाले लोगों को मेट्रो से उतरने के बाद पैदल एक्सपो मार्ट पहुंचने की सलाह दी गई है. इससे आयोजन स्थल के आसपास निजी वाहनों का दबाव कम रखने में मदद मिलेगी.

दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले वाहन नासा गोलचक्कर पार्किंग से निकलकर एलजी गोलचक्कर, साकीपुर गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर और एकमूर्ति गोलचक्कर होते हुए इटेहड़ा से साहबेरी और किसान चौक की ओर जा सकेंगे. इसके अलावा एलजी गोलचक्कर से सूरजपुर कच्ची सड़क, बिसरख, हनुमान मंदिर और किसान चौक तिगरी होते हुए एनएच-24/09 से भी अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा की ओर जाने वाले वाहन नासा गोलचक्कर से एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कुलेसरा, हल्दौनी और फेस-2 होते हुए भंगेल एलिवेटेड रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

वहीं, नोएडा और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक अन्य मार्ग भी निर्धारित किया गया है. ऐसे वाहन नासा गोलचक्कर से एलजी गोलचक्कर, अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर से बाएं मुड़कर अवध ग्रीन गोलचक्कर, डेल्टा-1 गोलचक्कर, पी-3 गोलचक्कर और आईएफएस विला गोलचक्कर होते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे. इसके बाद जीरो प्वाइंट से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आगंतुकों को लेकर जाने वाली बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है. बसें नासा पार्किंग के निकास द्वार से निकलकर एक्सपो मार्ट गेट नंबर तीन के सामने मुख्य मार्ग पर बनाए गए बस बॉक्स और शेल्टर तक पहुंचेंगी. यहां से आगंतुकों को बसों में बैठाकर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर के रास्ते उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा.

यह भी पढ़ें | दिल्ली में आज हजारों शादी, साउथ दिल्ली-गुरुग्राम से द्वारका तक ट्रैफिक अलर्ट, दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button